Jharkhand : सरकार चोरी भी करती है और सीनाजोरी भी : बाबूलाल मरांडी
रांची, 10 नवंबर । भाजपा विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी ने कहा कि झारखंड में कोयला, बालू, पत्थर सहित अन्य खनिज पदार्थों की लूट लगातार हो रही है। शिकायत करने पर कोई करवाई नहीं की जाती है, उल्टे शिकायत करने वालों को झूठे केस में फंसा दिया जाता है। सरकार चोरी भी करती है और ऊपर से सीनाजोरी भी।
बाबूलाल मरांडी गुरुवार को रांची जिले के कांके प्रखंड में भाजपा द्वारा आयोजित हेमन्त हटाओ, झारखंड बचाओ आक्रोश सभा को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि झारखंड में पिछले कई महीनों से गरीबों को राशन नहीं दी जा रही है। केंद्र सरकार के द्वारा जो राशन गरीबों के लिए भेजी जाती है सरकार के संरक्षण में उसकी कालाबाजारी की जा रही है। मरांडी ने कहा कि झामुमो, कांग्रेस और राजद ये तीनों ही राजनीतिक दल पारिवारिक पार्टी हैं। इनके डीएनए में ही भ्रष्टाचार है।
मरांडी ने राज्य सरकार पर विकास के कार्यों पर सवाल उठाते हुए कहा कि आज राज्य हेमन्त सोरेन की सरकार 2019 से है लेकिन इन तीन साल से विकास के काम ठप है। राज्य को केंद्र सरकार की जितनी भी कल्याणकारी योजनाएं मिलती है राज्य सरकार उसपर लापरवाही बरतती है। मरांडी ने आक्रोश प्रदर्शन में शामिल जनता से आह्वान करते हुए कहा कि हेमन्त सोरेन को हटाना है और झारखंड को बचाना है।
हिन्दुस्थान समाचार