Jharkhand Update : महिला विकास मंच ने की पुरुष आयोग गठन करने की मांग
रांची, 10 फरवरी : महिला विकास मंच ने झारखंड सरकार से राज्य में पुरुष आयोग गठन करने की मांग की है। महिला विकास मंच की राष्ट्रीय संरक्षक वीणा मानवी ने बुधवार को रांची प्रेस क्लब में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में कहा कि महिलाओं के लिए कई कानून बने हैं, जिसका कई महिलाएं नाजायज फायदा उठा रही हैं।
वहीं महिलाएं पुरुष को भी प्रताड़ित कर रही हैं। इसलिए झारखंड में पुरुष आयोग का गठन होना चाहिए। उन्होंने कहा कि एक ऐसा ही मामला उनके सामने 2019 में आया। जब इस्लामपुर नालंदा की रहने वाली प्रिया देवी ने अपने पति गुमला के पालकोट निवासी राजेश गुप्ता पर प्रताड़ना का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि जब इस मामले की जांच की गई तो पाया गया कि प्रिया देवी अपने पति को प्रताड़ित कर रही है। प्रेसवार्ता में राजेश कुमार गुप्ता ने अपनी जान और अपने दो छोटे-छोटे बच्चों की सुरक्षा की गुहार पुलिस प्रशासन से लगायी है। राजेश गुप्ता ने अपनी पत्नी प्रिया गुप्ता और उनके गिरोह से हो रहे पुरुष प्रताड़ना को मीडिया के सामने बताया।
उन्होंने कहा कि उनकी पत्नी प्रिया गुप्ता का रांची के रेडियम रोड निवासी पारस के साथ अवैध संबंध है। प्रिया देवी उनके 11 साल के लड़के और दो साल की लड़की से भी मिलने नहीं दे रही है। उन्होंने कहा कि प्रिया गुप्ता और उसका प्रेमी पारस उन्हें लगातार जान से मारने की धमकी दे रहा है। उन्होंने बच्चों की कस्टडी के लिए कोर्ट में भी अपील की है। राजेश गुप्ता ने कहा कि वह बस इतना चाहते हैं कि उनके दोनों बच्चे उनके पास रहे। इधर प्रिया गुप्ता के भाई ललन गुप्ता ने भी कहा कि वह भी चाहते हैं कि उनके भांजे और भांजी राजेश गुप्ता के साथ रहे ना कि उनके बहन के साथ।