JHarkhand Update : चतरा में 15 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ दो गिरफ्तार, एक फरार
चतरा, 23 दिसंबर। झारखंड में चतरा जिले के गिद्धौर थाना क्षेत्र से चतरा और हजारीबाग जिले की पुलिस ने बुधवार की सुबह 15 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस सूत्रों ने यहां बताया कि चतरा तथा हजारीबाग जिला पुलिस की संयुक्त टीम ने ठाकुरबाड़ी इलाके में छापेमारी के दौरान दो तस्करों को गिरफ्तार कर उनके पास से 15 ग्राम ब्राउन शुगर, भारी संख्या में प्लास्टिक की पैकिंग पाउच तथा माप-तोल मशीन बरामद किया है। गिरफ्तार तस्करों में अनुज दांगी समेत दो तस्कर शामिल हैं। हालांकि इस कार्रवाई के दौरान गिरोह का मास्टरमाइंड तस्कर अनुज दांगी पुलिस कस्टडी से जवानों को चकमा देकर हथकड़ी के साथ भागने में सफल रहा,इसके बाद पुलिस फरार तस्कर की गिरफ्तारी को लेकर इलाके में सघन छापामारी अभियान चला रही है।
सूत्रों ने बताया कि कार्रवाई के दौरान पुलिस को ग्रामीण महिलाओं के भी विरोध का सामना करना पड़ा। महिलाएं गिरफ्तार तस्कर को छुड़ाने सड़क पर उतर कर छापेमारी टीम का विरोध जता रही थी। जिसके बाद पुलिस की सख्ती के बाद महिलाएं शांत हुई और पीछे हट गई। महिलाओं के पीछे हटने के बाद हजारीबाग पुलिस गिरफ्तार तस्कर को अपने साथ ले गई।
गौरतलब है कि हजारीबाग जिले की लोहसिंघना थाना पुलिस ने कटकमसांडी थाना क्षेत्र से किशोर दांगी नामक अफीम तस्कर को गिरफ्तार किया था। गिरफ्तार तस्कर ने पूछताछ के दौरान पुलिस को गिरोह में शामिल गिद्धौर के तस्करों का नाम बताया था। जिसके बाद लोहसिंघना थाना पुलिस तस्करों की गिरफ्तारी के लिए गिद्धौर पहुंची थी। इसी दौरान गिद्धौर के ठाकुरबाड़ी हेठ टोला इलाके से हजारीबाग पुलिस ने गिद्धौर थाना पुलिस के सहयोग से दो तस्करो को गिरफ्तार किया, जिसमें अनुज दांगी हथकड़ी लेकर भागने में सफल रहा।
वार्ता