HindiJharkhand NewsNewsPolitics

Jharkhand : आतिथ्य क्षेत्र के विकास के लिए अपने कौशल और ज्ञान का करें उपयोग: राज्यपाल

रांची, 12 अप्रैल। इंस्टीट्यूट ऑफ होटल मैनेजमेंट कैटरिंग टेक्नोलॉजी एंड एप्लाइड न्यूट्रिशन, रांची ने बुधवार को अपना दूसरा ग्रेजुएशन सेरेमनी मनाया। यह 2020-23 बैच के स्टूडेंट्स का ग्रेजुएशन सेरेमनी था, जहां 35 स्टूडेंट्स को डिग्री दी गयी। साथ बैच के सभी 35 स्टूडेंट्स को ज्वाइनिंग लेटर भी दिया गया। प्राचार्य डॉ भूपेश कुमार ने बताया कि रांची आईएचएम का यह दूसरा साल है जब सभी स्टूडेंट्स को जॉब मिला है। इस तरह से संस्थान का शत प्रतिशत प्लेसमेंट हुआ है।

ग्रेजुएशन सेरेमनी के मुख्य अतिथि राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन ने कहा कि आपने कड़ी मेहनत, समर्पण एवं अध्ययन की बदौलत अपनी डिग्री अर्जित की है। अब आपको अपने व्यावहारिक जीवन में विभिन्न चुनौतियों का कुशलतापूर्वक सामना करने के लिए तैयार रहना है। आप अर्थव्यवस्था के सबसे तेजी से बढ़ते क्षेत्रों में से एक आतिथ्य क्षेत्र में अपने अर्जित ज्ञान, कौशल और दृष्टिकोण के साथ उत्कृष्टता हासिल करने के लिए सक्षम बनें। आप सभी ने यहां जो शिक्षा प्राप्त की है। वह निश्चित रूप से आपकी पेशेवर यात्रा में सहायक होगी। यही आपको पहचान भी दिलाएगी।

उन्होंने छात्रों से आग्रह करते हुए कहा कि वे हमारे राज्य और देश में आतिथ्य क्षेत्र के विकास के लिए अपने कौशल और ज्ञान का उपयोग करें। आतिथ्य क्षेत्र में लोगों को एक साथ लाने, अविस्मरणीय अनुभव बनाने और सांस्कृतिक आदान-प्रदान को बढ़ावा देने की शक्ति निहित है। आतिथ्य पेशेवर के रूप में, आपके समक्ष लोगों के जीवन में बदलाव लाने एवं हमारे समाज में सद्भाव को बढ़ावा देने का अवसर है। आतिथ्य हमारी अर्थव्यवस्था का एक महत्वपूर्ण क्षेत्र है, इसका विकास और सफलता आपके महत्वपूर्ण योगदान पर निर्भर है।

उन्होंने कहा कि अपने करियर की शुरुआत करते समय याद रखें कि आप न केवल अपना प्रतिनिधित्व कर रहे हैं, बल्कि आईएचएम रांची और हमारे झारखंड राज्य का भी प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। आप हमारे आतिथ्य के ब्राण्ड एम्बेसडर हैं। इसकी प्रतिष्ठा को बनाए रखने की जिम्मेदारी आपकी है। राज्यपाल कहा कि आपने कड़ी मेहनत, समर्पण एवं अध्ययन प्रति प्रतिबद्धता प्रकट करते हुए अपनी डिग्री अर्जित की है। अब आपको अपने व्यावहारिक जीवन में विभिन्न चुनौतियों का कुशलतापूर्वक सामना करने के लिये तैयार रहना है। जैसा कि मुझे बताया गया कि संस्थान ने अपनी स्थापना के चार वर्षों के अंतराल में बड़ी सफलता अर्जित की है। संस्थान को 2021 में मोस्ट अद्मिरेड होटल मैनेजमेंट इंस्टीट्यूट ऑफ द ईयर से सम्मानित किया गया। यह वर्ष 2022 में होनहार संस्थानों श्रेणी में सरकारी होटल प्रबंधन संस्थानों में नंबर एक स्थान पर रहा। वर्ष 2023 में यह शीर्ष होटल प्रबंधन संस्थानों में सूचीबद्ध है। इसके अतिरिक्त, संस्थान के उल्लेखनीय उपलब्धि में से एक इंटरनेशनल मिलेट ईयर 2023 को बढ़ावा देने के लिये झारखंड में स्थानीय ”मडुआ चिल्का” के क्षेत्र इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स की सूची में दर्ज होना है।

हिन्दुस्थान समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *