HindiJharkhand NewsNewsPolitics

Jharkhand : पर्यावरण संरक्षण के प्रति विकास भारती का कार्य समाजहित में सार्थक : राज्यपाल

रांची, 05 जून । राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन ने कहा कि पर्यावरण का संरक्षण से सभी का संरक्षण है। पर्यावरण पर ही हमारा जीवन आधारित है। पर्यावरण संरक्षण प्रत्येक व्यक्ति के जीवन के लिए महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि ‘विश्व पर्यावरण दिवस’ के अवसर पर राज भवन में 50 से अधिक पौधे लगाये गए।

राज्यपाल ने विकास भारती के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण के प्रति विकास भारती संस्था का कार्य समाजहित में सार्थक है। विकास भारती ने अपने कार्यों से समाज के समक्ष अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया है। उन्होंने कहा विगत दिनों वे गुमला स्थित विकास भारती बिशुनपुर भी गये थे, जहां उन्होंने इस संस्था की गतिविधियों को निकटता से देखा। उक्त अवसर पर उनके द्वारा वहां ‘सिनगी दई वन विज्ञान केंद्र’ नामक उत्कृष्टता केंद्र के रूप में विकसित होने वाले एक केंद्र की आधारशिला भी रखी गई। उन्होंने विकास भारती संस्था का जल संरक्षण की दिशा में किए जा रहे कार्यों की भी सराहना की।

उन्होंने कहा कि अगले वर्ष एक करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य है, जिसमें 10 प्रतिशत नीम के पौधे होंगे एवं शेष 90 प्रतिशत फलदार पौधे होंगे, जिससे सभी को निःशुल्क फल प्राप्त हो सकेगा। पर्यावरण संरक्षण के साथ लोगों के पोषण की दिशा में यह सार्थक कदम होगा। राज्यपाल सोमवार को बरियातू स्थित आरोग्य भवन में विकास भारती बिशुनपुर की ओर से आयोजित ‘विश्व पर्यावरण दिवस’ के अवसर पर कार्यक्रम में बोल रहे थे।

राज्यपाल ने कहा कि सभी को प्लास्टिक के उपयोग से बचना चाहिए। प्लास्टिक के उपयोग से हमारा पर्यावरण दूषित हो रहा है। हम जब भी बाजार जाएं तो थैला लेकर जाएँ, प्लास्टिक का उपयोग नहीं करें। हमें थैला या बर्तन लेकर चलने में शर्म नहीं करना चाहिए, स्वास्थ्य और पर्यावरण के प्रति सदैव सचेष्ट रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि किसी भी संस्था के अच्छे कार्यों की सराहना की जानी चाहिए।

हिन्दुस्थान समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *