Jharkhand : विश्व का सर्वाधिक लोकप्रिय जनसंवाद कार्यक्रम है मन की बात : दीपक प्रकाश
30 अप्रैल को देश में साढ़े तीन लाख बूथों पर साढ़े तीन करोड़ जनता सुनेगी 100वें संस्करण को
रांची, 28 अप्रैल। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद दीपक प्रकाश ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मन की बात कार्यक्रम के माध्यम से जनता से सीधा संवाद विश्व का सर्वाधिक लोकप्रिय गैर राजनीतिक संवाद कार्यक्रम है। वे शुक्रवार को प्रदेश कार्यालय में पत्रकार वार्ता को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि देश के प्रभावशाली व्यक्त्तिव, विचार, संस्कृति, संस्कार, प्रगति को संवाद के माध्यम से दुनिया के सामने लाने का अनूठा कार्यक्रम प्रधानमंत्री ने 30 अक्टूबर, 2014 को विजयादशमी के अवसर पर प्रारंभ किया। निर्विघ्न रूप से प्रत्येक माह के अंतिम रविवार को आगे बढ़ता यह कार्यक्रम 100वें संस्करण में प्रवेश कर रहा है।
उन्होंने कहा कि पूरे देश में 3.50 लाख बूथों पर 3.50 करोड़ लोग इस कार्यक्रम में शामिल होंगे। राज्य के प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में 100 स्थान के हिसाब से 81 विधानसभाओं में 8100 स्थानों के अतिरिक्त 900 विशेष स्थान भी निर्धारित हैं। झारखंड में कुल 9000 स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित है। इसमें समाज के अलग अलग वर्ग समूह डॉक्टर्स, वकील, प्राध्यापक, सीए, सीएस, मजदूर, छात्र सभी सुनेंगे।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि शनिवार की शाम पार्टी की ओर से सभी जिला मुख्यालयों में दीपोत्सव मनाया जायेगा। लोग दीप जलाकर 100वें संस्करण का स्वागत करेंगे। इसके अतिरिक्त प्रभात फेरी कार्यक्रम भी आयोजित है। सभी जिलों में दीवाल लेखन कार्यक्रम भी पार्टी द्वारा चलाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि वे स्वयं महिलौंग के 194 बूथ के कार्यक्रम में शामिल होंगे जबकि नेता विधायक दल एवं पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी गिरिडीह के धनवार में, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास बर्मा माइंस जमशेदपुर में, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री नागेंद्र हिनू में, प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह धनबाद में, केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी बरकट्ठा विधानसभा क्षेत्र के बूथ संख्या 23 पर कार्यक्रम में शामिल होंगी।
हिन्दुस्थान समाचार