एकीकृत बिहार सरकार में मंत्री रहे झारखंड के दिग्गज नेता डॉ. सबा अहमद का निधन
Insight Online News
धनबाद: एकीकृत बिहार सरकार में मंत्री रहे झारखंड के दिग्गज राजनेता डॉ. सबा अहमद का आज सुबह निधन हो गया। 82 वर्षीय सबा अहमद ने नई दिल्ली के फोर्टिस अस्पताल में आज सुबह पांच बजे आखिरी सांस ली। लंबे समय से बीमार चल रहे डॉक्टर अहमद को बीते दिनों इलाज के लिए दिल्ली ले जाया गया था। स्वजनों के अनुसार, रविवार को उनका शव गिरिडीह के पचंबा स्थित उनके निवास स्थान पर लाया जाएगा। यहीं शव को सुपुर्दे खाक किया जाएगा।
गौरतलब है कि डॉक्टर अहमद झारखंड-बिहार की राजनीति में लंबे समय तक सक्रिय रहे। भाजपा में विलय से पहले तक वह झारखंड विकास मोर्चा की राजनीति कर रहे थे। 11 फरवरी 2020 को झाविमो के भाजपा में विलय के बाद पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष रहे डॉक्टर सबा अहमद ने अपने लिए नए राजनीतिक विकल्प तलाशने शुरू किए, पर कोरोना काल में उनकी सेहत लगातार गिरती चली गई और फिर उन्होंने सक्रिय राजनीति से किनारा कर लिया। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराए जाने के बाद उनके समर्थक लगातार उनके बेहतर स्वास्थ्य की दुआ मांग रहे थे।