HindiNationalNewsPolitics

कर्नाटक चुनाव परिणाम : शुरुआती रुझान में कांग्रेस आगे, कार्यकर्ताओं में उत्साह

Insight Online News

नई दिल्ली। कर्नाटक विधानसभा चुनाव के लिए सम्पन्न हुए मतदान के बाद शनिवार सुबह आठ बजे से मतगणना जारी है। शुरुआती रुझानों में कांग्रेस पार्टी अपनी प्रतिद्वंदी भारतीय जनता पार्टी से काफी आगे चल रही है, जिससे कांग्रेस मुख्यालय में उत्साह का वातावरण है।

कांग्रेस पार्टी से 100 से अधिक सीटों पर रुझानों में आगे चल रही है। पार्टी के तमाम नेता अपनी जीत का दावा कर रहे हैं। कर्नाटक चुनाव प्रचार के दौरान भाजपा ने कांग्रेस पर बजरंगबली के अपमान का आरोप लगाया था। लेकिन आज कांग्रेस मुख्यालय में कार्यकर्ता बजरंगबली के वेशभूषा में दिखाई दे रहेे हैं। वहीं कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी हिमाचल प्रदेश के एक हनुमान मंदिर में पूजा-पाठ करती नजर आईं।

सुबह साढ़े दस बजे तक कांग्रेस पार्टी 114 सीटों पर आगे चल रही है। वहीं भाजपा 77 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है। दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय में सुबह से ही उत्साह का माहौल है। बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और नेता पार्टी दफ्तर में मौजूद हैं।

कांग्रेस पार्टी के प्रवक्ता पवन खेड़ा ने मीडिया से बातचीत में कहा कि कर्नाटक में कांग्रेस सरकार बनाने जा रही है। कर्नाटक में भाजपा की हार प्रधानमंत्री मोदी की हार है। क्योंकि कर्नाटक विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा ने प्रधानमंत्री मोदी को ही चेहरा बनाया था।

खेड़ा ने आगे कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा का बढ़ा असर कर्नाटक विधानसभा चुनाव पर पड़ा है। कांग्रेस ने क्षेत्रीय मुद्दों को चुनाव का आधार बनाया और राज्य के विकास का एक विजन जनता के सामने पेश किया था, जिस पर कर्नाटक की जनता मुहर लगाने जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *