HindiNationalNewsPolitics

केशव प्रसाद मौर्य ने बाबा विश्वनाथ धाम में किया दर्शन, अखिलेश पर साधा निशाना

  • भाजपा वाराणसी महानगर अध्यक्ष के आवास पर पहुंचे, परिजनों व पार्टी के पुराने नेताओं से की मुलाकात

वाराणसी। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने अपने दो दिवसीय वाराणसी दौरे के अंतिम दिन शनिवार को श्री काशी विश्वनाथ मंदिर और बाबा कालभैरव मंदिर में विधिवत दर्शन-पूजन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। उन्होंने बाबा विशेश्वर के पावन ज्योतिर्लिंग पर जलाभिषेक कर समस्त देश-प्रदेशवासियों के सुख-समृद्धि व शांति की कामना की।

उपमंख्यमंत्री ने श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन पूजन के बाद अपने सोशल मीडिया अकाउंट ‘एक्स’ पर लिखा आज प्रातः ‘आदि-अनादि’ काशी स्थित बाबा विश्वनाथ धाम में देवाधिदेव महादेव, भगवान शिव के पावन ज्योतिर्लिंग का दर्शन, पूजन एवं जलाभिषेक करने का परम सौभाग्य प्राप्त हुआ। बाबा विश्वनाथ जी से समस्त देश एवं प्रदेशवासियों के कल्याण, सुख-समृद्धि और शांति की कामना की। शनिवार को ही उपमुख्यमंत्री मौर्य ने भाजपा महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि के आवास पर पहुंच कर उनके परिजनों और पार्टी के पुराने पदाधिकारियों से भी मुलाकात की। इस दौरान भाजपा के पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी उनके साथ मौजूद रहे।

इससे पहले शुक्रवार को उन्होंने बाबतपुर में एक भाजपा नेता के होटल का उद्घाटन किया। यहां उन्होंने मौजूद भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। इसके बाद सर्किट हाउस पहुंचकर उन्होंने पार्टी नेताओं से संवाद किया। पत्रकारों से भी बातचीत की। पत्रकारों से वार्ता के दौरान मौर्य अपने पुराने तेवर में नजर आए और समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा अखिलेश यादव चौराहे पर लड़ने वाले दो लड़कों की तरह व्यवहार करते हैं। सार्वजनिक मंच से वह ऐसा व्यवहार करते हैं, जो उनको शोभा नहीं देता है। उन्हें सियासत विरासत में मिली है। उनको जो संस्कार मिला है, उसे सब देख रहे हैं।

केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि अखिलेश 2027 में सत्ताधीश बनने का सपना देख रहे हैं, जो पूरा नहीं होगा। 2047 तक कुछ नहीं होना है। यह उनको भी पता है, इसीलिए बौखलाए रहते हैं। उपमुख्यमंत्री ने तंज कसते हुए कहा कि अखिलेश यादव को पता ही नहीं रहता है कि वे पूर्व मुख्यमंत्री रहे हैं। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री रहे स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव के बेटे हैं, सांसद और अपने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष भी हैं। करणी सेना के बाद अब यादव सेना के गठन से जुड़े सवाल पर मौर्य ने कहा कि राणा सांगा के ऊपर सपा के सांसद ने सदन में जो बयान दिया था, वह गलत था। बयान वापस लेना चाहिए। करणी सेना या कोई सेना बनाकर कोई विवाद उत्पन्न करने की कोशिश करेगा तो कानून अपना काम करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *