करीब साठ साल बाद कंबोडिया के राजा का भारत दौरा

नयी दिल्ली,26 मई : कंबोडिया के राजा नोरोडोम सिहामोनी 29 से 31 मई तक राजकीय दौरे पर भारत आयेंगे। करीब 60 साल पहले वर्तमान राजा के पिता नोरोडोम सिहानॉक 1963 में भारत दौरे पर आये थे। दोनों देश राजनयिक संबंधों की 70 वीं वर्षगांठ मना रहे हैं।

श्री सिहामोनी राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के निमंत्रण पर आ रहे हैं। वह श्रीमती मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से बातचीत करेंगे। उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ और विदेश मंत्री एस जयशंकर भी कंबोडिया के राजा से मुलाकात करेंगे। श्रीमती मुर्मू राष्ट्रपति भवन में राजा के सम्मान में भोज का आयोजन करेगी।

पूर्वी विदेश मंत्रालय के सचिव सौरभ कुमार ने एक विशेष ब्रीफिंग में कहा “यह यात्रा हमारे संबंधों को और मजबूत करने का एक अवसर होगी। यात्रा का एक मजबूत प्रतीकात्मक महत्व है।श्री सिहामोनी का दौरा राजनयिक संबंधों की स्थापना की 70वीं वर्षगांठ के मौके पर हो रहा है।”

उन्होंने कहा कि श्री सिहामोनी के साथ 27 सदस्यीय उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल होगा, जिसमें रॉयल पैलेस के मंत्री, सीनेट के उपाध्यक्ष, विदेश मामलों के मंत्री और शाही महल और विदेश मामलों के मंत्रालय के अन्य वरिष्ठ अधिकारी, शामिल होंगे।

भारत और कंबोडिया ने 1952 में राजनयिक संबंध स्थापित किए थे। भारत की तत्कालीन राष्ट्रपति प्रतिभा पाटिल ने कंबोडिया की पिछली यात्रा 2010 में की थी, जबकि पूर्व राष्ट्रपति राजेंद्र प्रसाद ने 1959 में कंबोडिया का दौरा किया था।

कंबोडिया के विदेश मंत्रालय की एक विज्ञप्ति के अनुसार, श्री सिहामोनी की यात्रा के दौरान द्विपक्षीय और बहुपक्षीय सहयोग पर चर्चा की जाएगी।

जांगिड़,आशा

वार्ता

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *