Madhupur By Election : झामुमो और भाजपा के बीच होगा सीधा मुकाबला
रांची, 10 अप्रैल : झारखंड के मधुपुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। उपचुनाव में भाजपा और गठबंधन दल के उम्मीदवार के बीच कड़ा मुकाबला होने की संभावना है। इसी को लेकर गठबंधन दल और भाजपा ने मधुपुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर पूरी ताकत झोंक दी है। मधुपुर में इन दिनों भाजपा और गठबंधन दल के नेता अपने-अपने उम्मीदवार की जीत सुनिश्चित करने के लिए लगातार जनसंपर्क अभियान चला रहे हैं।
गठबंधन दल के उम्मीदवार हफीज उल हसन अंसारी के पक्ष में कांग्रेस, राजद और झामुमो को नेता लगातार जनसंपर्क अभियान चलाकर उनके पक्ष में वोट मांग रहे हैं। वहीं भाजपा के उम्मीदवार गंगा नारायण सिंह के पक्ष में भाजपा नेता प्रचार प्रसार कर रहे हैं। भाजपा नेता आए दिन मधुपुर विधानसभा क्षेत्र में जनसंपर्क अभियान चला रहे हैं।
उल्लेखनीय है कि मधुपुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर यहां 17 अप्रैल को मतदान होना है। जबकि मतों की गिनती दो मई को होगी। मधुपुर में इन दिनों झामुमो के कार्यकारी अध्यक्ष और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन कैम्प किये हुए हैं। इसके अलावा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष और मंत्री की रामेश्वर उरांव सहित कांग्रेस के वरिष्ठ नेता के यहां प्रचार प्रसार में जुटे हैं। वहीं भाजपा की ओर से प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश, पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी, पूर्व मंत्री रणधीर सिंह सहित कई नेता यहां प्रचार प्रसार कर रहे हैं।