HindiNationalNewsPolitics

मोदी ने 11 लाख नयी लखपति दीदियों को किया सम्मानित

जलगांव, 25 अगस्त : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को महाराष्ट्र के जलगांव में हाल ही में लखपति दीदी बनीं 11 लाख महिलाओं को प्रमाण पत्र भी दिए और सम्मानित किया। उन्होंने देश भर की लखपति दीदियों से बातचीत भी की।

श्री मोदी ने लखपति दीदी की सभा को संबोधित करते हुए कहा कि आज जब भारत विकसित बनने का प्रयास कर रहा है, हमारी महिला शक्ति एक बार फिर आगे आ रही हैं।

श्री मोदी ने कहा कि भारत की महिला शक्ति ने हमेशा समाज और राष्ट्र के भविष्य के निर्माण में योगदान दिया है। उन्होंने कहा कि सरकार का लखपति दीदी अभियान सिर्फ माताओं और बहनों की आय बढ़ाने का एक तरीका नहीं है, बल्कि परिवार और भावी पीढ़ियों को मजबूत करने का एक प्रयास है। उन्होंने कहा कि यह ग्रामीण अर्थव्यवस्था को बदल रहा है।

प्रधानमंत्री ने कहा,“यहां मौजूद हर महिला जानती है कि जब वह कमाना शुरू करती है, तो समाज में उसकी सामाजिक स्थिति ऊंची हो जाती है।”

गौरतलब है कि लखपति दीदी स्वयं सहायता समूह की सदस्य होती हैं, जिनकी वार्षिक घरेलू आय एक लाख रुपये से अधिक होती है और कम से कम चार कृषि मौसमों या चार व्यावसायिक चक्रों के लिए उनकी औसत मासिक आय 10,000 रुपये या उससे अधिक होती है।

इस अवसर पर श्री मोदी ने 2,500 करोड़ रुपये का रिवॉल्विंग फंड जारी किया, जिससे 4.3 लाख स्वयं सहायता समूहों (एसएचजी) के लगभग 48 लाख सदस्यों को लाभ हुआ। उन्होंने 5,000 करोड़ रुपये के बैंक ऋण भी वितरित किए, जिससे 2.35 लाख एसएचजी के 25.8 लाख सदस्यों को लाभ होगा। लखपति दीदी योजना की शुरुआत से लेकर अब तक एक करोड़ महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं और सरकार ने तीन करोड़ लखपति दीदी बनाने का लक्ष्य रखा है।

प्रधानमंत्री ने नेपाल के तनहुन में बस दुर्घटना के पीड़ितों के प्रति संवेदना व्यक्त की, जिसमें जलगांव के कई लोगों की जान चली गई।

इस भव्य समारोह में माताओं और बहनों की भारी भीड़ की उपस्थिति पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा, “आज, पूरे भारत में फैले लाखों महिला स्वयं सहायता समूहों के लिए 6000 करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि वितरित की गई।” उन्होंने कहा कि यह धनराशि कई महिलाओं को लखपति दीदी बनने में मदद करेगी।

श्री मोदी ने पोलैंड की अपनी हालिया यात्रा के दौरान महाराष्ट्र की संस्कृति को देखने का उल्लेख किया और कहा कि महाराष्ट्र के लोगों का पोलिश नागरिक बहुत सम्मान करते हैं। उन्होंने कोल्हापुर मेमोरियल के बारे में बात की, जो पोलैंड के लोगों द्वारा कोल्हापुर के लोगों की सेवा और आतिथ्य की भावना को समर्पित है।

इस मौके पर महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार ने कहा कि राज्य का लक्ष्य 50 लाख महिलाओं को लखपति दीदी बनाना है। उन्होंने प्रधानमंत्री का स्वागत करते हुए कहा कि श्री मोदी के नेतृत्व में विकास का रथ जलगांव पहुंच गया है। उन्होंने कहा कि मेरे राजनीतिक जीवन में यह पहली बार है कि मैंने महाराष्ट्र में इतनी बड़ी संख्या में महिलाओं को प्रधानमंत्री का स्वागत करते देखा है। उन्होंने कहा,“श्री मोदी का लक्ष्य तीन करोड़ महिलाओं को लखपति दीदी बनाना है। आइए हम महाराष्ट्र की 50 लाख महिलाओं को लखपति दीदी बनाने का संकल्प लें।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *