Uncategorized

देश का भविष्य बना रहे है मोदी : अश्विनी

बेतिया,09 फरवरी : रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भारत का भविष्य बना रहे हैं और इसी का एक नमूना देश में रेलवे का विकास है।

श्री वैष्णव ने मुजफ्फरपुर नरकटियागंज रेलखंड में समपार संख्या 2 पर छावनी में निर्मित रेलवे ओवर ब्रिज के उदघाटन के मौके पर रविवार को सभा को संबोधित करते हुए कहा है कि केंद्र सरकार का लक्ष्य है कि बिहार एक विकसित राज्य बने। दस वर्ष पहले जहां बिहार को रेलवे के विकास के लिए 1132 करोड़ मिलते थे। अब यहीं बढ़कर 10 हजार करोड़ हो गया है। इसके पूर्व उन्होंने सभा में आयी महिलाओं से रिमोट दबवाकर ओवर ब्रिज का उदघाटन किया।

रेल मंत्री ने कहा कि चंपारण के लोग भाग्यशाली है कि उन्हें सतीश चंद्र दूबे, डा. संजय जायसवाल एवं सुनील कुमार जैसे जनप्रतिनिधि मिले हैं। आज इन्हीं का प्रयास है कि गोरखपुर से भाया नरकटियागंज बेतिया मोतिहारी होते हुए पटना तक एक वंदे भारत एक्सप्रेस की शुरुआत की जायेगी। यह अगले तीन चार माह में नई रैक आने के साथ हीं आरंभ हो जाने की संभावना है। उन्होंने कहा कि बिहार में रेलवे के विकास के लिए कुल परियोजनाओं पर 95हजार 566 करोड़ की योजना है। इसके तहत रेलवे स्टेशनों को अमृत भारत स्टेशन, रेलवे का दोहरीकरण आदि शामिल है।

रेल मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने नरकटियागंज से रक्सौल सीतामढ़ी दरभंगा तक के रेल लाईन के दोहरीकरण के लिए 4553 करोड़ की राशि स्वीकृत की है।इसका भी कार्य शीघ्र हीं आरंभ किया जायेगा। उन्होंने कहा कि बिहार में 2014 के बाद 1832 किलोमीटर रेलवे ट्रेक का निर्माण किया गया। जो मलेशिया जैसे देश के पूरे रेल नेटवर्क के बराबर है। उन्होंने बताया कि बिहार समेत पुरे देश में संपूर्ण रेल नेटवर्क का विद्यूतिकरण कर लिया गया है। उन्होंने दावा किया कि बिहार भी नई रेल लाईन का विस्तार करने की योजना है। इसपर कार्य किया जा रहा है।

सभा को केंद्रीय कोयला एवं खान राज्य मंत्री सतीश चंद्र दुबे, सांसद डा. संजय जायसवाल, सुनील कुमार, विधायक विनय बिहारी, विधान पार्षद भीष्म सहनी, पूर्व विधायक दिलिप वर्मा, बीरवल यादव, पूर्व जिलाध्यक्ष दीपेंद्र सर्राफ, संजय पांडेय, जदयू जिलाध्यक्ष शत्रुघ्न कुशवाहा, रालोमो जिलाध्यक्ष शैलेश कुशवाहा आदि ने भी संबोधित किया। मंच पर विधायक भागीरथी देवी, रश्मि वर्मा, प्रमोद सिंहा, पूर्व विधायक राजेश सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष रुपक कुमार श्रीवास्तव आदि भी मौजूद रहे।

कार्यक्रम में आगत अतिथियों का स्वागत पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक ने किया। जबकि धन्यवाद ज्ञापन विधायक उमाकांत सिंह ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *