झारखंड में मानसून ने दी दस्तक, गर्मी से मिली राहत
रांची, 19 जून । लंबे इंतजार के बाद झारखंड में मानसून ने दस्तक दे दी है। सोमवार को राजधानी रांची में दिन भर काले बादल छाए रहे। कई जिलों में बारिश शुरू हो गयी है। रांची मौसम विभाग के वैज्ञानिक डॉ अभिषेक आनंद ने बताया कि संताल परागना के रास्ते झारखंड में मानसून प्रवेश कर गया है।
राज्य में अगले पांच दिनों में हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश की संभावना व्यक्त की गयी है। अगले दो दिन में जमशेदपुर में भी मानसून प्रवेश करेगा। सोमवार को मौसम विभाग ने गुमला, लातेहार, रांची, लोहरदगा, हजारीबाग, रामगढ़, बोकारो समेत अन्य जिलों में बारिश और वज्रपात को लेकर येलो अलर्ट जारी किया कर दिया है।
झारखंड में मानसून के प्रवेश करते ही तापमान में गिरावट दर्ज की गयी है। मानसून गोड्डा, साहिबगंज, पाकुड़ और दुमका के कुछ स्थानों में प्रवेश कर गया है। रांची समेत अन्य कई जिलों में बूंदा-बांदी से लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है। मानसून ने भले ही राज्य में देर से प्रवेश किया है लेकिन इस वक्त की बारिश किसानों के लिए बड़ी राहत साबित हो सकती है।
राज्य में लंबे समय से मानसून का इंतजार हो रहा था। तपती धरती और लू ने लोगों को परेशान कर दिया था। घर से बाहर निकलना मुश्किल हो रहा था।
हिन्दुस्थान समाचार