HindiNationalNewsPolitics

मुर्मु , मोदी ने भारतीय हॉकी टीम को पदक जीतने पर बधाई दी

नयी दिल्ली 08 अगस्त : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला सहित कई नेताओं ने पेरिस ओलंपिक 2024 खेलों में गुरुवार को स्पेन को हराकर कांस्य पदक जीतने वाली भारतीय हॉकी टीम को बधाई एवं शुभकामनाएं दी।

श्रीमती मुर्मु ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर लिखा, “पेरिस ओलंपिक में कांस्य पदक जीतने पर हमारी हॉकी टीम को हार्दिक बधाई ,यह पाँच दशक से भी अधिक समय के बाद हुआ है जब भारत ने लगातार दो ओलंपिक खेलों में कांस्य पदक जीते हैं। भारतीय हॉकी के पुनरुत्थान के लिए टीम सबसे अधिक प्रशंसा की पात्र है। उन्होंने भारत को गौरवान्वित किया है। इस टीम द्वारा दिखाई गई निरंतरता, कौशल, एकजुटता और जुझारूपन हमारे युवाओं को प्रेरित करेगा। भारतीय हॉकी टीम, बहुत बढ़िया।”

श्री मोदी ने सोशल मीडिया मंच पर लिखा, “एक ऐसी उपलब्धि जिसे आने वाली पीढ़ियाँ याद रखेंगी, भारतीय हॉकी टीम ने ओलंपिक में शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक जीता। यह और भी खास है क्योंकि यह ओलंपिक में उनका लगातार दूसरा पदक है। उनकी सफलता कौशल, दृढ़ता और टीम भावना की जीत है। उन्होंने बहुत हिम्मत और लचीलापन दिखाया। खिलाड़ियों को बधाई।”

उन्होंने कहा, “हर भारतीय का हॉकी से भावनात्मक जुड़ाव है और यह उपलब्धि हमारे देश के युवाओं के बीच इस खेल को और भी लोकप्रिय बनाएगी।”

श्री बिरला ने भी सोशल मीडिया पर लिखा, “पेरिस ओलंपिक में पदक हासिल कर हमारी हॉकी टीम ने हर भारतीय का मस्तक ऊंचा किया है। कड़ी मेहनत, जुनून और टीम वर्क से मिली इस जीत का श्रेय टीम के हर एक खिलाड़ी को जाता है। अपने बेहतरीन प्रदर्शन से आपने करोड़ों देशवासियों को गर्व से भर दिया। टीम से जुड़े सभी कोच और सपोर्ट स्टाफ को भी बधाई।’ अनंत बधाई, अपार अभिनंदन।

केन्द्रीय खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने भारतीय टीम को बधाई देते हुए सोशल मीडिया पर लिखा, “ पेरिस ओलंपक 2024 में कांस्य पदक जीतने के लिए भारतीय हॉकी टीम को बधाई! आपके असाधारण प्रदर्शन और टीम वर्क ने भारतीय खेलों का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया है। यह जीत देश के लिए गर्व का क्षण है और आपके समर्पण का प्रमाण है।”

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने भी भारतीय हॉकी टीम को उनकी जीत के लिए बधाई देते हुए कहा है कि आप सभी को कांस्य पदक जीतते हुए देखकर गर्व महसूस हो रहा है।

श्री गांधी ने एक्स पर पोस्ट किया, “भारतीय हॉकी टीम द्वारा अभूतपूर्व मैच। आप सभी को कांस्य पदक जीतते हुए देखकर गर्व महसूस हो रहा है। धन्यवाद श्रीजेश। उत्कृष्टता के प्रति आपकी अथक प्रतिबद्धता ने हमें प्रेरित किया है।”

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने भी भारतीय हॉकी टीम को बधाई देते हुए एक्स पर लिखा, “हम एक रोमांचक मैच देखकर बेहद खुश हैं, जहां हमारी प्रतिभाशाली हॉकी टीम ने पेरिस ओलंपिक में देश के लिए कांस्य पदक जीता है। यह एक ऐतिहासिक मील का पत्थर है क्योंकि आखिरी बार भारत ने खेल में लगातार दो ओलंपिक पदक 1968 और 1972 में जीते थे।”

उन्होंने कहा कि हरमनप्रीत सिंह और पीआर श्रीजेश ने शानदार खेल दिखाया।

खड़गे ने कहा, “व्यक्तिगत रूप से यह मेरे लिए एक भावनात्मक क्षण है क्योंकि मुझे राष्ट्रीय खेल से बेहद लगाव है। सभी भारतीयों को आप पर गर्व है, तथा आने वाले वर्षों में आपकी कई और महत्वपूर्ण जीतों की कामना करते हैं।”

उल्लेखनीय है कि आज भारतीय पुरूष हॉकी टीम ने पेरिस ओलंपिक में स्पेन को 2-1 से हराकर कांस्य पदक जीता है। यह लगातार दूसरी बार भारतीय हॉकी टीम ने ओलंपिक में कांस्य पदक जीता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *