HindiNationalNewsPolitics

मुर्मु तीन अफ्रीकी देशों की यात्रा पर जायेंगी

नयी दिल्ली, 09 अक्टूबर : राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु 13-19 अक्टूबर तक तीन अफ्रीकी देशों अल्जीरिया, मॉरिटानिया और मलावी की राजकीय यात्रा पर जाएंगी।

विदेश मंत्रालय में सचिव (आर्थिक संबंध) दामू रवि और सचिव (सीपीवी एवं खाड़ी) अरुण चटर्जी ने बुधवार को यहां एक संवाददाता सम्मेलन में यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि यह किसी भारतीय राष्ट्राध्यक्ष की तीन अफ्रीकी देशों की पहली यात्रा होगी। अल्जीरिया के राष्ट्रपति अब्देलमदजीद तेब्बौने के निमंत्रण पर राष्ट्रपति मुर्मु 13-15 अक्टूबर, 2024 को अल्जीरिया का दौरा करेंगी।

श्री रवि ने कहा कि यात्रा के दौरान श्रीमती मुर्मु अल्जीरिया के राष्ट्रपति के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगी। नेशनल काउंसिल (अल्जीरियाई संसद के ऊपरी सदन) के अध्यक्ष और नेशनल पीपुल्स असेंबली (अल्जीरियाई संसद के निचले सदन) के अध्यक्ष सहित कई अल्जीरियाई गणमान्य व्यक्तियों के उनसे मुलाकात करेंगे।

उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति भारत-अल्जीरिया आर्थिक मंच और सिदी अब्देल्लाह विज्ञान और प्रौद्योगिकी पोल विश्वविद्यालय में एक कार्यक्रम को संबोधित करेंगी। वह जार्डिन डी’एसाई में हम्मा गार्डन में इंडिया कॉर्नर का भी उद्घाटन करेंगी। भारत और अल्जीरिया तेल और गैस, रक्षा और अंतरिक्ष सहयोग जैसे रणनीतिक क्षेत्रों सहित कई क्षेत्रों में सहयोग के साथ सौहार्दपूर्ण संबंध साझा करते हैं। इस यात्रा से दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय संबंधों में और वृद्धि होने की उम्मीद है।

श्री रवि के अनुसार अपनी यात्रा के दूसरे चरण में राष्ट्रपति 16 अक्टूबर को मॉरिटानिया का दौरा करेंगी। यह यात्रा एक महत्वपूर्ण मोड़ पर हो रही है जब मॉरिटानिया इस समय अफ्रीकी संघ की अध्यक्षता कर रही है।

उन्होंने कहा कि यात्रा के दौरान, श्रीमती मुर्मु मॉरिटानिया के राष्ट्रपति मोहम्मद औलद शेख अल ग़ज़ौनी के साथ बातचीत करेंगी। मॉरिटानिया के प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री के राष्ट्रपति श्रीमती मुर्मु से मुलाकात करने की उम्मीद है। इसके अलावा राष्ट्रपति भारतीय समुदाय के सदस्यों से बातचीत करेंगी। यह यात्रा भारत-मॉरिटानिया द्विपक्षीय संबंधों को और गति प्रदान करेगी।

राष्ट्रपति की यात्रा के आखिरी चरण के बारे में उन्होंने कहा कि मलावी के राष्ट्रपति डॉ. लाजर मैक्कार्थी चकवेरा के निमंत्रण पर राष्ट्रपति मुर्मु मॉरिटानिया से 17-19 अक्टूबर तक मलावी की यात्रा करेंगी। यात्रा के दौरान, श्रीमती मुर्मु मलावी के नेतृत्व के साथ द्विपक्षीय बैठकें करेंगी। वह प्रमुख व्यापार और उद्योग जगत के नेताओं और प्रवासी भारतीयों के साथ संवाद करेंगी और सांस्कृतिक और ऐतिहासिक महत्व के स्थानों का भ्रमण करेंगी। यह यात्रा मलावी के साथ हमारे मौजूदा मैत्रीपूर्ण और सौहार्दपूर्ण संबंधों को और मजबूत करने की भारत की मजबूत प्रतिबद्धता की पुष्टि करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *