National : भारत जोड़ो यात्रा का 25वां दिन
बदनावलु (कर्नाटक) 02 अक्टूबर : गांधी जयंती के कारण सुबह का कार्यक्रम व्यस्त रहने की वजह से ‘भारत जोड़ो यात्रा’ थोड़ी विलम्ब से रविवार प्रातः सात बजे खादी ग्रामोद्योग मैसूरु जिले के बदनावलु के लिए रवाना हुई।
यात्रियों ने रास्ते में महिला बुनकरों के साथ गांधी जी की मूर्ति के समक्ष बैठकर भजन गाया और बापू की समाधि पर पुष्पमाला अर्पित की। गांधी जयंती के अवसर पर बाद में पौधे का भी ग्रामोद्योग के परिसर में रोपण किया।
बाद में यात्री बदनावलु गांव के प्राथमिक विद्यालय में गए जहां बच्चों ने दीवारों पर बहुत सुंदर पेंटिंग की हुई थी और सामाजिक सौहार्द का संदेश देते हुए स्कूल को बहुत बेहतर तरीके से सजाया गया था।
यात्रा की अगुवाई कर रहे कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने दिन में झमाझम बारिश के बीच एक बड़ी सभा को संबोधित किया और कहा कि भारत जोड़ो यात्रा देश को एक करने के लिए है और इसे कोई भी ताकत रोक नहीं सकती है। बारिश हो, ठंड पड़े, गर्मी पड़े, भारत यात्रा को हर हाल में पूरा होना है और देश के आम लोगों की आवाज बनना है।
यात्रियों का शाम का विश्राम मैसूर में एग्जिबिशन ग्राउंड के नजदीक का जेएचएस ग्राउंड बना।
अभिनव.संजय
वार्ता