National : लोगों ने हिमाचल में भाजपा की वापसी की ठानी: नड्डा
शिमला ,30 अक्तूबर : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने कहा है कि हिमाचल प्रदेश की जनता ने नया रिवाज बनाने का ठान लिया है और वह यह है कि इस बारह भाजपा को ही जितायेंगे, क्योंकि भाजपा जो कहती है, वही करके दिखाती है।
श्री नड्डा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में प्रदेश में एक बार पुनः भारी बहुमत से डबल इंजन वाली भाजपा सरकार का बनना तय है। उन्होंने रविवार को काजा (लाहौल स्पीति), मनाली और कुल्लू में आयोजित विशाल रैलियों को संबोधित किया और कहा कि पहले राजनीति और चुनाव में एंटी-इनकम्बेंसी होती थी, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हिंदुस्तान की राजनीति में प्रो-इनकम्बेंसी का एक नया शब्द जोड़ दिया। जब सही नेतृत्व हो, विकास की नीति हो, काम करने की नीयत हो तो एंटी-इनकम्बेंसी नहीं बल्कि प्रो-इनकम्बेंसी होती है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा हिमाचल प्रदेश की जनता के साथ अन्याय किया है और यहाँ के लोगों को धोखा दिया है। श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी ने हिमाचल प्रदेश को इंडस्ट्रियल पैकेज भी दिया था, जिसे कांग्रेस की संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (यूपीए) सरकार ने वापस ले लिया। जब श्री नरेन्द्र मोदी प्रधानमंत्री बने तो उन्होंने बिना मांगे ही हिमाचल प्रदेश का स्पेशल स्टेट का दर्जा बहाल कर दिया।
उन्होंने कहा कि सत्ता में जब कांग्रेस होती है तो विकास कार्य करती नहीं और जब विपक्ष में होती है तो विकास कार्यो में अड़ंगे लगाती है। राजनीतिक पर्यटन के नाम पर यहां आम आदमी पार्टी भी आयी थी, लेकिन अब वे हिमाचल प्रदेश को छोड़ कर गुजरात चले गए हैं क्योंकि हिमाचल प्रदेश, दिल्ली और पंजाब के नजदीक है और यहाँ के लोगों को उनकी सभी कारगुजारियों की जानकारी मिल गई।
उन्होंने कहा कि जब आम आदमी पार्टी को आभास हो गया कि यहाँ उनका झूठ चलने वाला नहीं, तो यहाँ से बोरिया-बिस्तर समेटो। वे दिल्ली से दूर गुजरात इसलिए गए हैं ताकि उनका झूठ वहां तो चल जाए लेकिन उन्हें यह नहीं मालूम है कि गुजरात में भाजपा सरकार है और गुजरात की जनता ने पहले ही एक बार फिर से भाजपा की सरकार बनाने का दृढ़ निश्चय कर लिया है।
हिमाचल में कांग्रेस पार्टी की सरकार होती थी तो पहाड़ों पर चुना लगा देते थे। चुनाव खत्म होता था तो बारिश में चूना साफ हो जाता था, मतलब वे पांच साल के लिए जनता को चूना लगा देते थे। पाइप गिराकर पानी पहुंचाने की बात होती थी और चुनाव खत्म होते ही पाइप उठा लिया जाता था।
उन्होंने कहा कि माँ लक्ष्मी और माँ दुर्गा वहीं टिकती है, जहां उनका सम्मान किया जाता है, सही नीयत से विकास के कार्य किये जाते हैं। अगर विकास को टिकाए रखना है तो 12 तारीख को कमल के बटन दबाएँ। हमने केंद्र में भी रिवाज बदला है। उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, असम, गोवा, मणिपुर-हर जगह रिवाज बदला है। हिमाचल प्रदेश में भी रिवाज बदलेंगे। हिमाचल की यही है पुकार, एक बार फिर भाजपा सरकार।
उन्होंने कहा कि जयराम ठाकुर सरकार ने विकास की नई कहानी लिखी है। फर्क इसलिए आया है, क्योंकि यहाँ डबल इंजन की सरकार है। इसलिए रिवाज बदलना जरूरी है और हम जनता के आशीर्वाद से रिवाज बदलेंगे। भाजपा जो कहती है, करके दिखाती है।
सं शर्मा, संतोष
वार्ता