National : राहुल की पदयात्रा हिंगोली जिले में पहुंची
हिंगोली, 11 नवंबर : कांग्रेस नेता राहुल गांधी की ‘भारत जोड़ो’ यात्रा का स्वागत करने के लिए भारी भीड़, उत्साह और जन भागीदारी के साथ चलने के बाद शनिवार शाम महाराष्ट्र के नांदेड़ जिले के चोरंबा फाटा से हिंगोली जिले की सीमा में पहुंची।
जिले की सीमा पर एक भव्य सिंहद्वार तैयार किया गया था और भारत जोड़ो यात्रा का स्वागत करने के लिए गजराज (हाथी) को हिंगोली सीमा पर रखा गया था।
समाज के विभिन्न क्षेत्रों, लोक कलाकारों सहित हजारों नागरिक यात्रा का स्वागत करने के लिए एकत्र हुए थे।
इससे पहले, दिन में सेनी (आर्दापुर) के ग्रामीणों ने दो क्विंटल फूल छिड़ककर श्री गांधी का स्वागत किया। मार्ग पर चलने वाले हजारों लोग भी इस अनूठे स्वागत से बहुत प्रसन्न हुए।
सेनी गांव के निवासी शंकर राजाराम शिंदे ने कहा कि ये फूल नहीं बल्कि हमारी भावनाएं हैं जो हमने उनके प्रति अपना सम्मान व्यक्त करने के लिए बिखेरे हैं। उन्होंने कहा,“श्री गांधी देश के संविधान को बचाने के लिए, आपके लिए, हमारे लिए, हमारे बच्चों के भविष्य के लिए कन्याकुमारी से कश्मीर तक की पदयात्रा पर निकले हैं। ”
कुछ ग्रामीणों ने फूलों से महाराष्ट्र राज्य की आकर्षक प्रतिकृति बनाकर श्री गांधी का स्वागत किया।
नांदेड़-हिंगोली मार्ग पर, सुबह भारी भीड़ थी और 50 किलोमीटर तक आसपास के गांवों के कई ग्रामीण सड़क किनारे समूहों में खड़े होकर इस पदयात्रा का इंतजार कर रहे थे।
अभय.श्रवण
वार्ता