HindiNationalPolitics

National : राजनाथ, शाह ने मुर्मू के आवास पर जाकर दी बधाई

नयी दिल्ली 21 जुलाई : रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने राष्ट्रपति चुनाव में जीत हासिल करने पर श्रीमती द्रौपदी मुर्मू को बधाई दी है।

श्री सिंह और श्री शाह ने श्रीमती मुर्मू के आवास पर जाकर उन्हें बधाई दी और इसे देश के लिए गौरवान्वित करने वाला पल बताया।

श्री सिंह ने ट्वीट कर कहा, “ राष्ट्रपति चुनाव में प्रभावी जीत दर्ज करने के लिए श्रीमती द्रौपदी मुर्मू जी को बधाई। वह गाँव, गरीब, वंचितों के साथ-साथ झुग्गी-झोपड़ियों में भी लोक कल्याण के लिए सक्रिय रही हैं। आज वह उनके बीच से निकल कर सर्वोच्च संवैधानिक पद तक पहुँची हैं। यह भारतीय लोकतंत्र की ताकत का प्रमाण है। ”

श्री शाह ने कहा, “ एक अति सामान्य जनजातीय परिवार से आने वाली राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन प्रत्याशी श्रीमती द्रौपदी मुर्मू जी का भारत का राष्ट्रपति चुना जाना पूरे देश के लिए अत्यंत गौरव का पल है, उन्हें बधाई देता हूँ। यह विजय अन्त्योदय के संकल्प को चरितार्थ करने और जनजातीय समाज के सशक्तिकरण की दिशा में एक मील का पत्थर है।

श्रीमती द्रौपदी मुर्मू जी जिन विषम परिस्थितियों से संघर्ष करते हुए आज देश के इस सर्वोच्च पद पर पहुँची हैं, वह हमारे लोकतंत्र की अपार शक्ति को दर्शाता है। इतने संघर्षों के बाद भी उन्होंने जिस निःस्वार्थ भाव से खुद को देश और समाज की सेवा में समर्पित किया, वह सभी के लिए प्रेरणादायी है।”

उल्लेखनीय है कि श्रीमती मुर्मू ने राष्ट्रपति चुनाव में विपक्ष के उम्मीदवार यशवंत सिन्हा को पराजित कर जीत दर्ज की है।

संजीव.श्रवण

वार्ता

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *