National : शाह, अन्य नेताओं ने घराें पर फहराया तिरंगा
नयी दिल्ली, 13 अगस्त: केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह, वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण, वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल, इस्पात राज्य मंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते और अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत शनिवार को अपने आवास और सार्वजनिक स्थलों पर तिरंगा फहराया।
श्री शाह ने ट्विटर पर कहा, “ तिरंगा हर भारतवासी का अभिमान है। यह देश की वैविध्यता को एकता के सूत्र में पिरोकर अद्भुत राष्ट्रभक्ति का सृजन करता है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी द्वारा शुरू किए हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत आज अपने आवास पर तिरंगा लगा कर देश के लिए सर्वस्व अर्पण करने वाले वीरों को नमन किया। ”
गृह मंत्री ने कहा, “ मैं समस्त देशवासियों से अपील करता हूँ कि वे भी अपने घर पर तिरंगा लगाकर हर दिल में देशभक्ति की जागृति के इस अभियान से जुड़ें और अन्य लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करें। ”
श्री शाह ने इस संदेश के साथ लोगों से यह अपील की है कि वे तिरंगे के साथ अपनी फोटो हरघरतिरंगा.कॉम पर अपलोड करें। ”
श्री गोयल ने राजधानी में ऐतिहासिक राजघाट पर ‘गांधी दर्शन’ के प्रांगण में राष्ट्र ध्वज फहराया। इस अवसर पर उन्होंने देशवासियों से देश में बनी वस्तुओं के उपयोग को प्रोत्साहित करने का आह्वान किया।
श्रीमती सीतारमण ने बेंगलुरु में हर घर तिरंगा अभियान के तहत आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लिया और तिरंगा यात्रा में भी शामिल हुईं।
श्री कुलस्ते ने मध्य प्रदेश के मांडला निर्वाचन क्षेत्र में अपने गांव जेवरा निवास स्थल पर झंडा फहराया और तिरंगा मोटरसाइकिल यात्रा में भाग लिया। उन्होंने ट्वीट किया,“ आज डिंडोरी में हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत निकाली गई बाइक यात्रा में सम्मिलित होने का सौभाग्य प्राप्त हुआ। माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर देश की जनता जनार्दन इस अभियान में बढ़-चढ़कर भाग ले रही है। उन्होंने डिंडोरी में आदिवासी नायक भगवान बिरसा मुंडा की मूर्ति पर माल्यार्पण किया। ”
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने राजस्थान में जोधपुर के निकट सालवा कलाँ में वीर दुर्गादास राठौर की प्रतिमा का अनावरण किया और तिरंगा रैली में भाग लिया।
उन्होंने ट्वीट किया, “ आइए हम सब अपने घरों पर तिरंगा फहराकर राष्ट्र के प्रति अपने सम्मान की अभिव्यक्ति करें और अमृत महोत्सव का आनंद लें। ”
सूचना प्रसारण, खेल एवं युवा मंत्री अनुराग ठाकुर ने भी अपने आवास पर तिरंगा लगाने की तस्वीर ट्वीट की है और उन्होंने भी लोगों से इस अभियान में जुड़ने का आह्वान किया है।
केन्द्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने नागपुर में तिरंगा रैली में भाग लिया। उनके साथ महाराष्ट्र के उप-मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडनवीस भी शामिल रहे।
महाराष्ट्र के उप-मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडनवीस ने एक वीडियो भी शेयर किया, जिसमें श्री मोदी की मां हीराबेन गांधीनगर में अपने आवास पर बच्चों के साथ झंडा लहरा रही हैं।
जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने श्रीनगर की डलझील में मोटरवोट पर तिरंगा रैली में भाग लिया और लोगों से 13 से 15 अगस्त तक घरों पर तिरंगा फहराने की अपील की है। झील में शिकारों पर भी तिरंगा लगा था।
केन्द्रीय वाणिज्य राज्य मंत्री सोम प्रकाश ने लुधियाना में जगरांव में महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी पंजाब केसरी लाला लाजपत राय के पैतृक घर पर जाकर उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की।
गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने पणजी में एक समारोह में हर घर तिरंगा अभियान का शुभारंभ किया। वहां शहर में डोल नगाडों के साथ तिरंगा यात्रा भी निकाली गई।
मनोहर.श्रद्धा.श्रवण
वार्ता