HindiNationalNewsPolitics

सत्ता के लालची हैं कांग्रेस समेत विपक्षी दल, भाजपा सिद्धांतों पर चलने वाली पार्टी : जेपी नड्डा

Insight Online News

नूरपुर। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने कांग्रेस समेत विपक्षी दलों पर बड़ा सियासी हमला बोला है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस एवं अन्य विपक्षी दल कुर्सी और सत्ता की चाह में विचारशून्य हो रहे हैं। सत्ता के लिए यह दल किसी भी तरह के समझौते के लिए तैयार बैठे हैं। वहीं दूसरी ओर भाजपा देश की एकमात्र ऐसी पार्टी है जो अपने सिद्धांतों पर चलती है। भाजपा जो कहती है वह करती है।

जेपी नड्डा सोमवार को कांगड़ा जिले के नूरपुर विधानसभा क्षेत्र के जसूर में जनसभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने विपक्ष पर कड़ा प्रहार करते हुए कहा कि कुर्सी के लिए यह किसी भी तरह का समझौता कर लेते हैं, लेकिन भाजपा ने हमेशा देशहित को सर्वोपरि रखते हुए विकास की एक नई गाथा लिखी है। चाहे पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी का कार्यकाल रहा हो या फिर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का। देश को विकास के मामले में मोदी सरकार ने पिछले नौ वर्षों में पूरे विश्व में एक नई पहचान दी है। भाजपा विश्व की सबसे बड़ी पार्टी इसलिए भी बन पाई है क्योंकि वह जो कहती है वह करती भी है। चाहे बात राम मंदिर निर्माण की हो, भारत को परमाणु शक्ति बनाने की हो चाहे देश की अर्थव्यवस्था को बेहतर करने की हो।

उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने पिछले नौ वर्षों में यह सब कर दिखाया है। अगले साल भव्य राम मंदिर तैयार होने जा रहा है। भारत की अर्थव्यवस्था को 10वें स्थान से पांचवें स्थान पर पंहुचाने का काम भी मोदी सरकार ने ही किया है। उन्होंने कहा कि भाजपा सेवा और सुशासन की सरकार चलाती है। यही एकमात्र ऐसी पार्टी है जिसमें एक सामान्य कार्यकर्ता भी पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष, प्रधानमंत्री, केंद्रीय मंत्री और मुख्यमंत्री जैसे पदों पर बैठ सकता है। वहीं दूसरी और विपक्षी दलों में सिर्फ परिवारवाद भरा पड़ा है। जम्मू-कश्मीर से लेकर सभी गैर-भाजपा शासित राज्यों में परिवारवाद की ही सरकारें चल रही हैं।

नड्डा ने कांग्रेस कालखंड और भाजपा के कालखंड की तुलना करते हुए कहा कि कांग्रेस के समय स्कैंडल होते थे और भाजपा के समय स्कीमें बनती है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने कांगड़ा के पालमपुर में भव्य राम मंदिर बनाने का प्रस्ताव पारित किया था और यह प्रधानमंत्री मोदी की दृढ़ इच्छाशक्ति है जिसे उन्होंने राम मंदिर का शिलान्यास भी कर दिया और बड़ी जल्दी यह तैयार होकर देश को अर्पित कर कर दिया जाएगा। उन्होंने इस मौके पर पार्टी कार्यकर्ताओं से 2024 के लोकसभा चुनावों में हिमाचल से चारों सीटों पर भाजपा उम्मीदवारों की जीत के लिए एकजुट होकर काम करने की बात कही ताकि दोबारा मोदी को देश का जिम्मा सौंपा जा सके। इससे पूर्व, केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर, प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल, नेता विपक्ष जय राम ठाकुर सहित अन्य नेताओं ने भी जनसभा को संबोधित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *