पलामू का अधिकतम तापमान 43 डिग्री के पार, 24 घंटे में दो डिग्री की बढ़ोतरी
पलामू, 21 अप्रैल ।पलामू का अधिकतम तापमान 43 डिग्री के पार कर गया है। 24 घंटे में दो डिग्री की बढ़ोतरी हुई है। ऐसे में दोपहर के समय सड़कों पर निकलना मुश्किल हो गया है। कोयल पुल पर दोपहर के समय पार करते समय अधिकतर लोग अपने चेहरों को ढके नजर आए। गर्म हवा से बदन झुलस रहा था। देर शाम तक लू चल रहा है, जिससे जनजीवन पर असर पड़ा है। मौसम विभाग ने बताया कि सोमवार का दिन इस सीजन का सबसे गर्म रहा। अधिकतम तापमान 43.6 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। न्यूनतम तापमान 25.6 डिग्री रहा। रविवार को अधिकतम तापमान 41.8 डिग्री सेल्सियस रहा था।
पलामू में सोमवार से मौसम में परिवर्तन फिर से शुरू हो गया है। पिछले कुछ दिनों से हो रही लगातार बारिश का दौर फिलहाल रुक गया है। मौसम विभाग के अनुसार आसमान मुख्यत साफ और मौसम शुष्क बना रहेगा। मौसम का ऐसा ही हाल 24 अप्रैल तक रहेगा।
इस दौरान तापमान में वृद्धि होना भी अब तय माना जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में और वृद्धि हो सकती है। इसके बाद अगले दो दिन इसमें कोई बड़े बदलाव की संभावना नहीं है।