दुनिया में भारत का गौरव बढ़ा रहे हैं खिलाड़ी : नित्यानंद राय
नई दिल्ली। केन्द्रीय गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय ने कहा कि हमारे खिलाड़ी पूरी दुनिया में देश का गौरव बढ़ा रहे हैं। केन्द्र सरकार खिलाड़ियों को हर संभव अवसर और सुविधा दिलाने का काम कर रही है।
राय ने शुक्रवार को विज्ञान भवन में कनाडा से 20वें विश्व पुलिस एवं फायर खेल – 2023 में हिस्सा लेकर लौटे भारतीय पुलिस दल के अभिनंदन समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि विश्व पुलिस एवं फायर खेल- 2023 में हमारे सुरक्षा बलों के जवानों ने देश का मान बढ़ाया है। कनाडा गए 133 खिलाड़ी 341 पदक लेकर लौटे हैं। सभी बधाई के पात्र हैं।
उल्लेखनीय है कि समारोह के दौरान पदक विजेताओं की टीमों को गृह राज्य मंत्री ने सम्मानित किया। इस दौरान गृह सचिव अजय कुमार भल्ला सहित अनेक गण्यमान्य लोग उपस्थित रहे।
20वें विश्व पुलिस एवं फायर खेल-2023 में हमारे राज्य पुलिस के जवानों सहित केन्द्रीय बल से कुल 133 जवानों ने कनाडा में हिस्सा लिया लिया । इसका आयोजन 28 जुलाई से 06 अगस्त तक हुआ था।