देश के लिए काम करने वालों को हमेशा प्रोत्साहित करते हैं प्रधानमंत्री मोदी : तोमर
नई दिल्ली। केन्द्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर ने कहा कि देश के लिए काम करने वाले लोगों को प्रधानमंत्री मोदी हमेशा प्रोत्साहित करते हैं, उनका हौसला बढ़ाते रहते हैं।
तोमर ने शनिवार को मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज ग्रीस से लौटने के बाद चन्द्रयान-3 मिशन में लगे वैज्ञानिकों से मिलने सीधे बेंगलुरु पहुंचे। यह इस बात को दिखाता है कि प्रधानमंत्री मोदी देश के लिए काम करने वालों का हमेशा मान रखते हैं और उनका हौसला बढ़ाते हैं। प्रधानमंत्री के इस कदम से वैज्ञानिकों का हौसला बढ़ा है। इससे वैज्ञानिकों को और प्रेरणा मिलेगी।
उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज चन्द्रयान-3 में हिस्सा लेने वाले वैज्ञानिकों से मिलने बेंगलुरु पहुंचे। यहां पर इसरो प्रमुख एस सोमनाथ सहित मिशन में शामिल अन्य वैज्ञानिकों से मुलाकात कर उनको बधाई दी।