Puducherry News : बहुमत साबित करने में विफल नारायणसामी ने दिया इस्तीफा
पुड्डुचेरी, 22 फरवरी: पुड्डुचेरी के मुख्यमंत्री वी नारायणसामी ने सोमवार को कांग्रेस-द्रमुक सरकार के विधानसभा में बहुमत साबित करने में विफल रहने के बाद पद से इस्तीफा दे दिया।
श्री नारायणसामी ने विधानसभा में विश्वास मत प्रस्ताव गिरने के बाद उप राज्यपाल तमिलिसाई सुंदरराजन से मुलाकात की और अपने मंत्रिपरिषद के साथ इस्तीफा दे दिया।
यह अब उप राज्यपाल पर निर्भर है कि अगले तीन महीनों के लिए सरकार बनाने के लिए विपक्ष को आमंत्रित करें या केंद्र शासित प्रदेश में राष्ट्रपति शासन लागू करें। कांग्रेस नीत सरकार का कार्यकाल आठ जून को समाप्त हो रहा है।
बहुमत परीक्षण के दौरान सभी सदस्य (सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों) सदन में मौजूद थे। कांग्रेस-द्रमुक के सात सदस्यों के इस्तीफे के बाद विपक्ष के 14 के मुकाबले इसकी ताकत घटकर 12 हो गयी। विधानसभा में वर्तमान में 26 सदस्य हैं।
सदन में पार्टी की स्थिति: कांग्रेस- 09 (अध्यक्ष सहित), द्रमुक-02 और निर्दलीय एक। विपक्ष: एनआर कांग्रेस -07, अन्ना द्रमुक -04 और भाजपा के तीन मनोनीत सदस्य।
वार्ता