Bihar NewsHindiNationalNewsPolitics

राहुल-तेजस्वी करते हैं तुष्टिकरण की राजनीति : विजय

गया: बिहार के उप मुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने आज कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव तुष्टिकरण की राजनीति करते हैं।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता श्री सिन्हा आज गया पहुंचे, जहां उन्होंने सर्वप्रथम विष्णुपद मंदिर में विधिवत पूजा अर्चना की। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने फूल-माला पहनाकर उनका जोरदार स्वागत किया। स्थानीय पंडित ने पूरे विधि-विधान से विष्णुपद मंदिर के गर्भगृह में पूजा अर्चना करायी।

भाजपा नेता ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि तेजस्वी यादव और राहुल गांधी तुष्टिकरण की राजनीति करते हैं। ये लोग जनता के बीच भ्रम फैला रहे हैं। उन्होंने कहा कि बांग्लादेश में हिंदू मां, बहनों को जलाया गया, दुकानें लूट ली गई, घरों तक को जला दिया गया, लेकिन उनकी चीख़-पुकार इन लोगों के कानों तक नहीं पहुंची। यह दर्शाता है कि ये लोग तुष्टिकरण की राजनीति करते हैं।

श्री सिन्हा ने कहा कि तेजस्वी यादव नेता प्रतिपक्ष है, ये भी सरकार का एक अंग है, ऐसे में उन्हें सरकार की कमियों को प्रमाण के साथ बताना चाहिए लेकिन ये सिर्फ ट्वीट कर रहे हैं। ट्वीट करने से राजनीति नहीं चलती है।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि कभी हम भी नेता प्रतिपक्ष थे, विभिन्न जिलों में जाते थे और वहां की कमियों को बताते थे, लेकिन ये लोग ट्वीट करने वाले लोग हैं। सिर्फ भ्रम फैलाना जानते हैं। बिना प्रमाण के तथ्यों को रखते हैं। ऐसा नहीं चलेगा।

भाजपा नेता ने कहा कि राहुल गांधी, तेजस्वी यादव, ममता बनर्जी और केजरीवाल जैसे लोग को धिक्कार है, जिन्होंने इस धरती पर जन्म लिया है लेकिन सनातन को नहीं जानते और सिर्फ तुष्टिकरण की राजनीति करते हैं। ये लोग कभी सामाजिक प्राणी नहीं हो सकते है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *