EntertainmentHindiNationalNewsPolitics

नाटू नाटू और एलीफेंट विहस्पर्स को ऑस्कर मिलने से राज्यसभा में खुशी

नयी दिल्ली, 14 मार्च : भारत में और भारतीयों द्वारा निर्मित डाक्टूमेंट्री फिल्म ‘एलीफेंट विहस्पर्स ’ और फिल्म आरआरआर के गाने ‘नाटू नाटू’ को ऑस्कर 95 में पुरस्कृत हाेने पर मंगलवार को राज्यसभा में समवेत स्वर में प्रसन्नता व्यक्त करते हुए दोनों फिल्मों के निर्माण समूह की भूरि -भूरि प्रशंसा की गयी और उन्हें भविष्य के लिए शुभकामनायें दी गयीं।

राज्यसभा की सुबह कार्यवाही शुरु होने पर सभापति जगदीप धनखड़ ने सदस्यों को एलीफेंट विहस्पर्स और फिल्म आरआरआर के गाने नाटू नाटू को ऑस्कर 95 में पुरस्कृत होने की जानकारी दी और कहा कि इस पर प्रत्येक भारतीय को गर्व है। उन्होंने कहा कि यह गर्व का क्षण है जिसका उत्सव मनाया जाना चाहिए। पूरा सदन एलीफेंट विहस्पर्स और फिल्म आरआरआर के गाने नाटू नाटू के निर्माताओं का अभिनंदन करता है और उन्हें शुभकामनाएं देता है।

उन्होंने कहा कि यह प्रसन्नता की बात है कि आरआरआर फिल्म की पटकथा लेखक बीरेंद्र प्रसाद इसी सदन के सदस्य हैं। यह सदन उन पर गर्व करता है। सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि सांसदों के लिए दोनों फिल्मों को दिखाने की विशेष व्यवस्था की जाएगी। कई सदस्यों ने एलीफेंट विहस्पर्स फिल्म स्कूली बच्चों को दिखाने की मांग की जिससे वे प्रकृति के प्रति संवेदनशील हो सकें। ससंदीय कार्यमंत्री प्रह्लाद जोशी ने भी इस अवसर पर शुभकामनायएं दी।

सदन के नेता पीयूष गोयल ने कहा कि एलीफेंट विहस्पर्स भारतीयता का प्रतीक है और यह प्रकृति के प्रति भारतीय सोच को दर्शाती है। फिल्म आरआरआर के गाने नाटू नाटू ने भारतीयता को विश्व पटल पर रख दिया है। सदन में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने फिल्म निर्माताओं काे शुभकामनाएं दी और कहा कि यह प्रथम बार है जब दक्षिण भारतीय सिनेमा काे ऐसा सम्मान प्राप्त हुआ है।

बीजू जनता दल(बीजद) के अमर पटनायक ने कहा कि एलीफेंट विहस्पर्स और फिल्म आरआरआर के गाने नाटू नाटू के सम्मानित होने से प्रत्येक भारतीय खुश है। यह प्रकृति के प्रति प्रेम को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि ओटीटी भारत में बढ़ रहा है और भारत डिजिटल रुप से सशक्त हो रहा है। समाजवादी पार्टी की जया बच्चन ने कहा कि पूरे फिल्म उद्योग की ओर से वह सदन का आभार प्रकट करती हैं और यह संपूर्ण भारतीय सिनेमा की शक्ति का प्रतीक है। भारतीय सिनेमा विश्व पटल पर बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि दोनों फिल्मों का पुरस्कृत होने में भारतीय बाजार की भूमिका है और यह केवल एक शुरुआत भर है।

नामित सदस्य सोनलमान सिंह ने कहा कि नाटू नाटू शब्द नटराज से बना है और एलीफेंट विहस्पर्स में गणेश हैं। वास्तव में ऑस्कर 95 में भारतीय संस्कृति का सम्मान किया गया है। बीजद के प्रसन्ना नंदा ने कहा,“ यह सम्मान हमारी कल्पना से परे हैं। यह भारतीयता का सम्मान है। यह भारत का दिन है।”

भारतीय जनता पार्टी के जीवीएल नरसिम्हा राव ने कहा कि यह आरआरआर फिल्म उपनिवेशवाद के विरुद्ध है और भारतीयता का उत्सव है। डीएमएमके के वाइको ने कहा कि यह वंदेमातरम है। भारत जय हो भारत जय हो। अन्नाद्रमुक के थंबी दुरई ने कहा कि एलीफेंट विहस्पर्स बच्चों को दिखाने की व्यवस्था की जानी चाहिए। विशेष रुप से पहाडी और वन क्षेत्र में इससे हाथी प्रबंधन में मदद मिलेगी।

तृणमूल कांग्रेस के डाॅ. शांतनू सेन और सुखेंदू शेखर राय, मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी के जॉन ब्रिटास, कांग्रेस के राजीव शुक्ला और रंजीता रंजन, शिवसेना की प्रियंका चतुर्वेदी, भारतीय जनता पार्टी के प्रकाश जावडेकर, सीमा द्विवेदी, सी एम रमेश, जग्गेश और सुधांशू त्रिवेदी, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के विनोय विस्वम, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी की फौजिया खान, भारत राष्ट्र समिति के के केशव राव, राष्ट्रीय जनता दल के मनोज झा, टीएमसी – एम के जी के वासन, झारखंड मुक्ति मोर्चा की महुआ मांझी, डीएमके के पी विल्सन, आईयूएमएल के अब्दुल वहाब और वाईएसआरसीपी के विजय साई रेड्डी ने भी फिल्म निर्माताओं को शुभकामनाएं दीं।

सत्या, श्रद्धा

वार्ता

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *