HindiJharkhand NewsNewsPolitics

रांची: जनभावनाओं को पुलिसिया दमन से कुचलना चाहती है राज्य सरकार : दीपक प्रकाश

22 अप्रैल को धुर्वा थाने में पूछताछ के लिए जायेंगे प्रदेश अध्यक्ष सहित अन्य नेता

रांची, 21 अप्रैल। भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष और सांसद दीपक प्रकाश ने कहा कि राज्य सरकार जनभावनाओं को पुलिसिया दमन से कुचलना चाहती है।

कहाकि विगत 11 अप्रैल को प्रदेश भाजपा की ओर से आयोजित सचिवालय घेराव कार्यक्रम ने हेमंत सरकार की दमनकारी सोच को पूरी तरह उजागर कर दिया है। यह सरकार अपने खिलाफ आंदोलन करने वालों के साथ आतंकवादियों, देशद्रोहियों जैसा व्यवहार करती है। अपनी नाकामियों पर पर्दा डालने केलिए यह सरकार अत्याचारी बन गई है। इसलिए लोकतांत्रिक तरीके से शांतिपूर्ण आंदोलन कर रहे नेताओं पर यह सरकार संगीन अपराध की धाराएं लगाती है,आनन-फानन में नोटिस भेज कर पूछताछ के लिए थाना बुलाती है।

प्रकाश ने कहा कि भाजपा मुकदमों से नहीं डरती। भाजपा ने जनभावनाओं के अनुरूप सदन से सड़क तक राज्य सरकार में व्याप्त भ्रष्टाचार, ठगबंधन की वादा खिलाफी को उजागर करने के लिए संकल्पबद्ध है।

उन्होंने कहा कि उनके साथ भाजपा विधायक सीपी सिंह, नवीन जायसवाल, समरी लाल और सह मीडिया प्रभारी अशोक बड़ाईक 22 अप्रैल को धुर्वा थाना में पूछताछ के लिए हाजिर होंगे और सारे सवालों का संवैधानिक रूप से जवाब भी देंगे।

उन्होंने कहा कि भाजपा नेताओं कार्यकर्ताओं ने कोई पद और शासन का दुरुपयोग करते हुए अपने नाम खान खनिज का आवंटन नहीं कराया है, कोई आदिवासी की जमीन नहीं हड़पी है। कोई पत्थर, बालू की लूट नहीं की है। शराब के घोटाले नहीं किए हैं। दलितों की जमीन नहीं लुटवाई है। महिलाओं, किसानों, युवाओं, पिछड़ों को प्रताड़ित नहीं किया है, फिर डर कैसा?

उन्होंने कहा कि भाजपा ने तो घोषणा करके डंके की चोट पर लूट भ्रष्टाचार, तुष्टिकरण के खिलाफ आवाज बुलंद की। जो एक सशक्त और जागरूक प्रतिपक्ष के नाते पार्टी का धर्म है। भाजपा झारखंड को लूटते, बर्बाद होते नहीं देख सकती। उन्होंने कहा कि संवैधानिक प्रक्रियाओं के तहत सभी भाजपा नेता पूछताछ का जवाब देंगे।

हिन्दुस्थान समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *