एससीडी चुनाव : दिल्ली के कूड़े के पहाड़ों पर भी अब चलेगी झाड़ू – भगवंत मान
नई दिल्ली, 07 दिसंबर । पंजाब के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी (आप) के वरिष्ठ नेता भगवंत मान ने बुधवार को दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) चुनावों के नतीजों में उनकी पार्टी को मिली बढ़त पर कहा है कि लोगों ने नफरत की राजनीति को नकार दिया है। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी ने पहले 15 सालों से सत्ता में काबिज कांग्रेस पार्टी को बाहर का रास्ता दिखाया और अब नगर निगम में 15 साल से काबिज भाजपा को बाहर का रास्ता दिखाया है।
दिल्ली में पार्टी मुख्यालय के बाहर पत्रकारों से बातचीत में भगवंत मान ने कहा कि लोगों ने नफरत की राजनीति को नकारते हुए स्कूल और अस्पतालों के नाम पर वोट किया है। आम आदमी पार्टी ने भाजपा को सत्ता से बाहर किया है।
एक्जिट पोल के नतीजों पर भगवंत मान ने कहा कि दिल्ली नगर निगम में पोल के नतीजे सही साबित नहीं हुए हैं। ऐसे में गुजरात में कितने साबित होंगे इस पर संशय है। उन्हें लगता है कि गुजरात में भी आम आदमी पार्टी बेहतर नतीजे देगी।
उल्लेखनीय है कि दिल्ली नगर निगम में आम आदमी पार्टी को बढ़त मिलती दिखाई दे रही है। हालांकि यह नतीजे एक्जिट पोल के नतीजों से काफी कम है। एक्जिट पोल में आप को बढ़ी जीत दी गई थी।
(हि.स.)