HindiNationalNews

अगले दो दिन और सताएगी भीषण गर्मी, उत्तर पश्चिम भारत में रविवार से बारिश के आसार

नई दिल्ली, 13 जून । दिल्ली-एनसीआर में गर्मी का कहर जारी है। शुक्रवार को राजधानी का अधिकतम तापमान 41.2 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 31 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार अगले 2 दिनों के दौरान पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र सहित उत्तर-पश्चिम भारत में लू से लेकर भीषण लू की स्थिति जारी रहने और उसके बाद कम होने की संभावना है। इस दौरान

दिल्ली में अधिकतम तापमान 42 से 44 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। अधिकतम तापमान सामान्य से 2 – 4 डिग्री सेल्सियस तक अधिक रहेगा। दोपहर में प्रमुख सतही हवा दक्षिण-पूर्व दिशा से 15 किमी प्रति घंटे से कम की गति से चलेगी। शाम और रात के दौरान हवा की गति धीरे-धीरे बढ़कर दक्षिण-पश्चिम दिशा से 15-20 किमी प्रति घंटे हो जाएगी।

शनिवार को दिल्ली में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। गर्म और आर्द्र मौसम की स्थिति बनी रहेगी। बहुत हल्की बारिश, आंधी के साथ 40-50 किमी प्रति घंटे की गति से तेज़ हवाएं चलने की संभावना है। इस दौरान दिल्ली में अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः 40 से 42 डिग्री सेल्सियस और 28 से 30 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। रविवार को भी कमोवेश इसी तरह का मौसम रहने की संभावना है।

मौसम विभाग के अनुसार रविवार को दिल्ली में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। बहुत हल्की से हल्की बारिश होने की संभावना है। दिल्ली में अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः 39 से 41 डिग्री सेल्सियस और 27 से 29 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। सोमवार को आमतौर पर बादल छाए रहेंगे। हल्की से मध्यम बारिश आने की संभावना है। दिल्ली में अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः 37 से 39 डिग्री सेल्सियस और 27 से 29 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। सुबह के समय मुख्य सतही हवा दक्षिण-पूर्व दिशा से चलेगी जिसकी गति 10 किमी प्रति घंटे से कम होगी।

मौसम विभाग के मुताबिक अगले 2 दिनों के दौरान विदर्भ, छत्तीसगढ़ और ओडिशा के कुछ और हिस्सों में मानसून पहुंच जाएगा। इसके साथ अगले पांच दिनों में गुजरात, पश्चिम बंगाल, झारखंड और बिहार के कुछ हिस्सों में दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल हैं।

13-17 जून के दौरान दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत और कोंकण और गोवा में कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा और अत्यधिक भारी वर्षा के साथ मानसून सक्रिय चरण में रहने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *