HindiJharkhand NewsNewsPolitics

भाजपा के स्थापना दिवस पर प्रदेश अध्यक्ष और संगठन महामंत्री ने पार्टी का ध्वज फहराया

रांची, 6 अप्रैल । प्रदेश भाजपा ने पार्टी का 44वां स्थापना दिवस गुरुवार को मनाया। पार्टी के प्रदेश कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद दीपक प्रकाश, प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने पार्टी का ध्वज फहराया और महापुरुषों के चित्र पर माल्यार्पण किया। प्रदेश के 29 हजार बूथों के कार्यकर्ताओं ने अपने-अपने घरों पर ध्वज लगाकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के संबोधन को सुना।

इसके बाद दीपक प्रकाश ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि छह अप्रैल, 1980 को स्थापित भारतीय जनता पार्टी ने संघर्ष और सेवा के माध्यम से सफलता के 43 वर्ष पूरे किये। पार्टी कार्यकर्ताओं के परिश्रम की पराकाष्ठा से आज विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बनने में सफलता मिली है। नेशन फर्स्ट हमारी प्रतिबद्धताओं के मूल में है। शीर्ष नेतृत्व के मार्गदर्शन में पार्टी कार्यकर्ता सांस्कृतिक राष्ट्रवाद, अंत्योदय के साथ भारत के लोकतांत्रिक मूल्यों को विश्व मंच पर प्रतिष्ठित करने के लिए संकल्पित हैं।

कर्मवीर सिंह ने पार्टी कार्यकर्ताओं को बधाई देते कहा कि भाजपा परिवारवाद, वंशवाद, क्षेत्रवाद से ऊपर उठ कर राष्ट्र के लिए समर्पित है। इसलिए दिन प्रतिदिन जनता में पार्टी की स्वीकृति बढ़ रही। जनता को भाजपा की नीतियों, कार्यक्रमों और नेतृत्व पर पूरा भरोसा है। विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी ने गोंदा मंडल के कार्यकर्ताओं के साथ स्थापना दिवस मनाया। पार्टी कार्यकर्ताओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भाजपा ने अपनी नीतियों कार्यक्रमों के आधार पर विश्वस्तरीय पहचान बनायी है। पार्टी के करोड़ों कार्यकर्ता विचारधारा के लिए तन, मन, धन से समर्पित हैं।

इस मौके पर राष्ट्रीय मंत्री एवं रांची की महापौर आशा लकड़ा, बालमुकुंद सहाय प्रदेश उपाध्यक्ष गंगोत्री कुजूर, प्रदेश मंत्री सुबोध सिंह गुड्डू, काजल प्रधान, कार्यालय मंत्री हेमंत दास, सह मंत्री सूरज चौरसिया, महेश पोद्दार, यदुनाथ पांडेय, शिवपूजन पाठक, प्रतुल शाहदेव, रवि भट्ट, आरती कुजूर, संजीव विजय वर्गीय, सीमा शर्मा, सत्यनारायण सिंह, राकेश भास्कर, अरविंद तिवारी, संजय सहाय, सुबोध कुमार सहित सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित थे।

हिन्दुस्थान समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *