Swami Vivekananda’s birth anniversary : युवा ही करते हैं राष्ट्र निर्माण – बाबूलाल मरांडी
रांची, 12 जनवरी : स्वामी विवेकानंद की जयंती पर भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) रांची महानगर की ओर से मंगलवार को युवा सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत स्वामी विवेकानंद के चित्र पर पुष्प अर्पित कर की गई। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता भाजपा विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी ने कहा कि संघर्ष करने के बाद ही आप मंजिल को हासिल करते हैं।
राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भागीदारी सबसे महत्वपूर्ण है। जब राष्ट्र का युवा आगे आकर राष्ट्र निर्माण के लिए समाज निर्माण के लिए कार्य करेगा, तभी देश विश्व गुरु बन सकता है। उनकी दूरदृष्टि भारत को विश्व गुरु बनाने का जो सपना था आज उनके विचारों को आत्मसात कर हम उस और बढ़ रहे हैं। स्वामी ने संयुक्त राष्ट्र में हिंदू दर्शन पर जो अपनी बातों को रखा उसे आज तक पूरा विश्व याद करता है। आज के युवाओं को जरूर स्वामी विवेकानंद की जीवनी को अध्ययन करना चाहिए। इससे जीवन में बहुत प्रेरणा मिलती है। भारत में विवेकानंद को एक देशभक्त सन्यासी के रूप में माना जाता है।
उन्होंने युवाओं को बताया कि युवा वर्ग समाज को दिशा दे सकता है। युवाओं को संघर्ष से कभी पीछे नहीं हटना चाहिए। युवा राष्ट्र हित में समाज हित में बढ़-चढ़कर जब अपनी भागीदारी सुनिश्चित करेंगे तभी हम लोग विश्व पटल पर परिवर्तन देख सकते हैं। उन्होंने युवाओं को बताया कि युवाओं को हमेशा समाज में हो रहे गलत नीतियों का विरोध करना चाहिए। अगर राज्य में सरकार कोई भी गलत नीति लागू कर रही हो तो उसका भी युवा वर्ग पुरजोर तरीके से बढ़-चढ़कर विरोध करे। क्योंकि युवाओं की शक्ति में वह बल है जो कि राष्ट्र का निर्माण करती है।