मोदी सरकार में विकसित और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को सिद्धि मिल रही है : संजय सेठ
रांची, 16 जून । केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने सोमवार को कहा कि मोदी सरकार में विकसित और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को सिद्धि मिल रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में राष्ट्रप्रथम के साथ सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण को समर्पित सरकार के 11 वर्ष पूर्ण हुए हैं। केंद्रीय मंत्री भाजपा रांची महानगर की ओर से सुखदेव नगर और धुर्वा मंडल में आयोजित संकल्प सभा में बोल रहे थे। इसमें रांची के विधायक सीपी सिंह मौजूद थे।
केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री सेठ ने कहा विकसित भारत को समर्पित मोदी सरकार की उपलब्धियां मोदी सरकार आम नागरिकों के जीवन को आसान बनाने के साथ, भारत को वैश्विक स्तर पर नए आयाम देने की भावना से काम कर रही है। आतंक के मुद्दे पर हमने जीरो टॉलरेंस की नीति रखी। ऑपरेशन सिंदूर से आतंकी ठिकानों को नष्ट किया। संकट काल में युद्धग्रस्त देश से नागरिकों को सुरक्षित भारत लाया। ऑपरेशन सिंदूर सिर्फ एक मिशन नहीं है। यह हमारे संकल्प, साहस और बदलते भारत की तस्वीर है। 11 वर्षों की यात्रा सिर्फ मोदी ने नहीं की है, बल्कि 140 करोड़ देशवासियों के परिश्रम, त्याग और सपनों को साथ लेकर, उसे पूर्ण करने को समर्पित रही यात्रा है और यह संकल्प की सिद्धि तक जारी रहेगी। भारत के इतिहास में नरेंद्र मोदी का कार्यकाल स्वर्णिम अक्षरों से लिखा जाएगा।
उन्होंने कहा कि रक्षा क्षेत्र में हमें नई ऊंचाई मिली हैं। भारत विश्व की चौथी बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की और अग्रसर है। वैश्विक डिजिटल लेनदेन के 49 प्रतिशत लेनदेन भारत में होते हैं। मोदी सरकार ने डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर की शुरुआत कर 44 लाख करोड रुपये सीधे लाभार्थियों के खाते में पहुंचना शुरू कर दिया है। इससे दलालों की भूमिका खत्म हो गई है और भ्रष्टाचार कम हो गए हैं।
संकल्प सभा में बलराम सिंह, ओमप्रकाश पांडे, उमेश यादव, रमेश सिंह, अमित कुमार ललित ओझा, हरेंद्र सिंह, शिवजी सिंह, दीपक लोहरा, बिना मिसरा, चंदन पटेल सहित बडी संख्या में लोग उपस्थिति थे।