HindiNationalNewsPolitics

अयोध्या में राम जन्मभूमि समेत 10 हजार मंदिरों में हुई पारंपरिक होली

-फूलों से सजा रामलला का दरबार, धनुष की जगह धारण की पिचकारी

अयोध्या, 14 मार्च । रामनगरी में श्रीराम जन्मभूमि मंदिर सहित 10 हजार मंदिरों में पारंपरिक होली खेली गई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा भेजा गया विशेष अबीर रामलला को अर्पित किया गया। इसके बाद सभी भक्तों को यह अबीर रामलला के प्रसाद स्वरूप लगाया गया। रामलला के दरबार को फूलों से सजाया गया। रामलला की मनमोहक छवि को सभी निहारते रहे।

सबसे पहले मंदिर में पुजारियों ने रामलला के ऊपर पुष्पों की वर्षा कर अपने आराध्य के साथ होली खेली, उनके राग-भोग और शृंगार के क्रम में उन्हें अबीर गुलाल अर्पित किया गया। होली पर रामलला को 56 प्रकार के व्यंजनों से भोग भी लगाया गया। राम मंदिर आने वाले प्रत्येक भक्तों के साथ फूलों की होली खेली गयी। इसके लिए श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने गेंदा, गुलाब सहित 10 कुंतल फूल मंगवाए। इससे पहले गुरुवार रात 11 बजे अयोध्या जिले में 2195 स्थानों पर वैदिक मंत्रों के बीच होलिका दहन किया गया। होली पर्व पर पूरा राम जन्मभूमि परिसर रंगों के त्योहार की खुशी में डूबा रहा। राम की पैड़ी पर हजारों श्रद्धालुओं ने पहले होली मनाई और फिर वहीं स्नान किया।

जिला प्रशासन के मुताबिक, अयोध्या में 10 हजार से अधिक मंदिरों में परंपरागत होली खेली गयी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राज करण नैय्यर ने बताया कि पूरे जिले में शांतिपूर्वक होली का त्योहार मनाया गया।

श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महामंत्री चंपत राय ने बताया कि हमारे रामलला पांच साल के बालक हैं। वे बड़े शालीन हैं। मर्यादा के पुरषोत्तम वो जन्मना हैं।

जिले में 2 बजे के बाद पढ़ी गई जुमे की नमाज अयोध्या में भी कड़ी सुरक्षा के बीच जुमे की नमाज संपन्न हुई। हिंदू समुदाय द्वारा होली खेलने के बाद जिले के मस्जिदों में रोजेदारों ने जुमे की नमाज पढ़ी। रोजेदार शादाब अहमद ने बताया कि इंतजामिया का ऐलान था कि 2 बजे के बाद नमाज पढ़ी जाएगी। सभी मस्जिदों में सकुशल नमाज संपन्न हुई। नमाज के समय देश में अमन चैन की दुआ मांगी गयी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *