केन्द्रीय मंत्री शेखावत ने रांची में प्रधानमंत्री मोदी के मन की बात कार्यक्रम को सुना
रांची, 23 फरवरी । प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मन की बात कार्यक्रम को रविवार को बूथ स्तर पर प्रदेश भाजपा के कार्यकर्ताओं ने सुना। प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने हरमू मंडल स्थित विद्यानगर में कार्यक्रम को सुना। इस अवसर पर केंद्रीय पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत भी शामिल हुए।
मौके पर केंद्रीय मंत्री ने कहा कि मन की बात कार्यक्रम एक अनूठा कार्यक्रम है जिसकी प्रतीक्षा लोग एक महीने तक करते हैं। उन्होंने कहा कि बढ़ते मोटापा को लेकर प्रधानमंत्री की चिंता यह दर्शाती है कि वे देशवासियों के स्वास्थ्य के प्रति कितने चिंतित हैं। उन्होंने कहा कि विकसित भारत की संकल्पना में स्वस्थ भारत भी शामिल है। प्रधानमंत्री का संबोधन जनता के लिए एक शासक की तरह नहीं बल्कि अभिभावक की तरह होता है।
इस अवसर पर बाबूलाल मरांडी ने कहा कि मन की बात का 119वां संस्करण भारत की प्रकृति और संस्कृति को समाहित किए हुए था। उन्होंने कहा कि भारत की संस्कृति महिला सम्मान की है। नारी तू नारायणी की हमारी विरासत है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में महिला सशक्तिकरण का अभियान तेजी से आगे बढ़ रहा जिसे आगामी 8 मार्च को महिला दिवस पर और मजबूत किया जाएगा।
कार्यक्रम में प्रदेश कोषाध्यक्ष दीपक बंका, महानगर अध्यक्ष वरुण साहू, कुमार अमित, केके गुप्ता, इंद्रजीत यादव, जितेंद्र वर्मा, अरुण झा, सहित अन्य कार्यकर्ता शामिल थे।