HindiNationalNewsPolitics

सही दिशा में आगे बढ़ रहा उत्तर प्रदेश : योगी आदित्यनाथ

  • हर जिला मुख्यालय फोरलेन से जोड़ने का कार्य हो रहा

लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र के चौथे दिन गुरुवार को नेता सदन एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सम्बोधित करते हुए कहा कि हम बिना भेदभाव के शासन की योजनाओं को धरातल तक पहुंचा रहे हैं। प्रदेश की जीडीपी अगर हम 15 और 16 की तुलना में देखें तो दुगुना बढ़ी है। यह दिखाता है कि उत्तर प्रदेश सही दिशा में आगे बढ़ रहा है। उत्तर प्रदेश देश की अग्रणी अर्थव्यवस्था बनने का माद्दा रखता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षा,स्वास्थ्य और कौशल विकास पर कार्य हुए हैं। प्रति​ व्यक्ति की आय में भी बढ़ोत्तरी हुई है। प्रदेश में रोजगार के साधन भी बढ़े हैं। उत्तर प्रदेश आज देश की तीसरी अर्थव्यवस्था है। प्रदेश आज ज्यादातर अपनी आवश्यकताओं की पूर्ति कर रहा है।

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने जनपदवासियों को नए भारत का दर्शन कराया है। लोग भारत की तरफ आशा भरी निगाहों से देखते हैं। भारत की जनता जनार्दन का विश्वास मोदी के प्रति देखने को मिला है। पिछले 10 वर्षों में उन्होंने जो कार्य किया, वह अभूतपूर्व है। अगले तीन वर्ष के अंदर भारत दुनिया की तीसरी अर्थव्यवस्था बनेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश में एक्सप्रेसवे व हाईवे का अच्छा नेटवर्क बन चुका है। पिछले सात वर्ष के अंदर हमने कई एक्सप्रेसवे बनाए। पूर्वांचल एक्सप्रेसवे लखनऊ को पूर्वांचल से जोड़ रहा है। हर जिला मुख्यालय फोरलेन से जोड़ने का कार्य हो रहा है। वाराणसी से हल्दियों को वाटरवे से जोड़ने का कार्य हुआ है। अयोध्या से हल्दिया को जोड़ने के कार्य को गति दी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *