आदिवासी और मूलवासियों को लेकर जाएंगे आगे : के राजू
पश्चिमी सिंहभूम , 22 फ़रवरी । झारखंड कांग्रेस के प्रभारी के राजू शनिवार को कोल्हान प्रमंडल के मुख्यालय पश्चिमी सिंहभूम (चाईबासा) पहुंचे। उन्होंने कांग्रेस भवन चाईबासा में कोल्हान प्रमंडल के तीन जिलों पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला – खरसावां तथा पूर्वी सिंहभूम के प्रखंड, नगर और मंडल के अध्यक्षों संग बैठक की।
बैठक को संबोधित करते हुए कांग्रेस प्रभारी ने कहा कि उन्होंने कहा कि यह नहीं सोचना है कि दूसरे दल राज्य के आदिवासी और मूलवासियों को आगे लेकर जाएंगे। उन्हें कांग्रेस पार्टी ही आगे लेकर जाएगी।
इस मौके पर प्रभारी ने नेता और कार्यकर्ताओं को पांच मंत्र दिए, जिसमें कार्यकर्ताओं को सम्मान, संगठन की मजबूती, युवा और महिला नेताओं को मौका, एससी-एसटी-ओबीसी और अल्पसंख्यक समुदाय से नेता बनाना और सरकार एवं संगठन के बीच बेहतर तालमेल के साथ जनता से किए वायदे को पूरा करना शामिल है।के राजू ने कहा कि वह झारखंड में संगठन को चलाने के लिए नहीं, बल्कि सभी के सहयोग से आगे बढ़ाने और मजबूत करने के लिए वे आए हैं।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने कहा कि यह वर्ष संगठन सृजन का वर्ष है और हमें संगठन की अंतिम इकाई तक को मजबूत करना है। हम जिन ग्राम, वार्ड, मोहल्ले में रहते हैं, उस स्तर तक संगठन को लेकर जाना है।
विधायक दल के नेता प्रदीप यादव ने कहा कि राज्य में जातीय जनगणना, ओबीसी को 27 प्रतिशत आरक्षण सबसे प्रमुख मुद्दा है। कांग्रेस विधायक दल के उप नेता राजेश कच्छप ने कहा कि के. राजू ने देश में विकास कार्यों के सोशल ऑडिट की शुरुआत की थी। झारखंड में भी सोशल ऑडिट होगा।
जगन्नाथपुर विधायक सोनाराम सिंकु ने भी विचार व्यक्त किया। बैठक को पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय, पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता, बादल पत्रलेख, देवेन्द्र नाथ चांपिया, बंधु तिर्की, पूर्व मेयर रामा खलखो, कांग्रेस जिला अध्यक्ष चंद्रशेखर दास समेत अन्य नेताओं ने भी संबोधित किया।
बैठक में विजय खां, जोसाय मार्डी, केदार पासवान, गजेंद्र सिंह, सुनीत शर्मा, अशोक चौधरी, त्रिशानु राय, संजीव श्रीवास्तव, देबू चटर्जी, बालेमा कुई, लक्ष्मण हासदा, आनंद सिंकु समेत अन्य मौजूद थे।