पैक्स के मजबूत होने से देश का हर गांव होगा मजबूत : अमित शाह
नई दिल्ली। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने कहा कि प्राथमिक कृषि ऋण सोसाइटी (पैक्स )के मजबूत होने से देश का हर गांव और हर परिवार मजबूत होगा। केंद्र सरकार पैक्स को अब गांव-गांव पहुंचा रही है। इससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को बल मिलेगा। शनिवार तक 17 हजार से अधिक पैक्स कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) के रूप में काम करने लगेंगे।
गृहमंत्री शाह पैक्स द्वारा सीएससी की सेवाओं के शुभारंभ पर आयोजित राष्ट्रीय महासंगोष्ठी-2023 को शुक्रवार को संबोधित कर रहे थे। शाह ने कहा कि आज फैक्स और सीएससी दोनों एक हो रहे हैं। इससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को बल मिलेगा।
कार्यक्रम को केंद्रीय इलेक्ट्रॉनिक्स और आईटी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि मोदी सरकार के काम करने के तरीके अलग हैं। हम देश के अंतिम व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं को पहुंचा रहे हैं। जब प्रधानमंत्री मोदी ने प्रधानमंत्री जन-धन योजना शुरू की तो कई लोगों ने आलोचना की लेकिन आज 40 करोड़ लोगों के खाते जन-धन योजना के तहत खोले गए। 80 करोड़ लोगों को मोबाइल सेवा से जोड़ा गया। अभ तक मोदी सरकार 30 लाख करोड़ रुपये सीधे लोगों के खाते में भेज चुकी है। उन्होंने कहा कि हमारी योजनाओं का लाभ 100 फीसदी जनता तक पहुंच रही है। मोदी सरकार ने डिजिटल इंडिया के माध्यम से बिचौलियों की कमर तोड़ने का काम किया है। पैक्स को सीएससी से जोड़े जाने से किसानों को व्यापक स्तर पर लाभ होगा। देश में पांच लाख 19 हजार से अधिक सीएससी कार्य कर रहे हैं। पैक्स की ताकत मिलने से ये केंद्र और प्रभावी होंगे।