HindiNationalNewsPolitics

वीरों की भूमि पर योगी रच रहे हैं इतिहास: गडकरी

महोबा, 13 मार्च : दशकों से उपेक्षित बुंदेलखंड को विकास की पटरी पर लाने का श्रेय उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को देते हुये केंद्रीय सड़क, परिवहन व राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि एक तरफ योगी के नेतृत्व में यूपी विकास करेगा तो प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में हिंदुस्तान विश्व की नंबर एक ताकत बनेगा।

श्री गडकरी ने यहां सड़क परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण करने के अवसर पर कहा कि रोजगार निर्माण , युवाओं को काम, किसानों को फसल का सही दाम, गरीबी को दूर करना व देश को सुखी-समृद्धशाली बनाना भाजपा का सिद्धांत व हमारा मिशन है।

उन्होने कहा “ बुंदेलखंड व महाराष्ट्र का पुराना रिश्ता रहा है। बचपन से छत्रपति शिवाजी महाराज हमारे आदर्श हैं। छत्रपति शिवाजी व बुंदेलखंड के राजा छत्रसाल महाराज के बीच घनिष्ठ मित्रता थी। 17वीं शताब्दी में मैत्री की यह नींव बहुत मजबूत हुई थी। यह वीरों की भूमि है। इसी भूमि पर योगी जी इतिहास बना रहे हैं। ”

केन्द्रीय मंत्री ने कहा “ हमारे मुंबई में यूपी के बहुत लोग आते थे। मैंने एक शख्स से कहा कि मुंबई से यूपी के लोग अब धीरे-धीरे यूपी में जाएंगे, क्योंकि मुंबई से भी अच्छी सहूलियत व रोजगार मोदी जी-योगी जी ने यूपी में तैयार किया है। यही हमारे कार्य की विशेषता है। अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण हो गया है। देश में राम राज्य का निर्माण होगा।”

उन्होने कहा “ यूपी में ऐसी सड़कें बनेगी कि आप पुरानी यादों को भूल जाओगे। यह फिल्म के पहले का ट्रेलर है। असली खेल होना बाकी है। आप डबल इंजन को ताकत दो। सुपर इकॉनमी, आत्मनिर्भर भारत, पांच ट्रिलियन डॉलर की इकॉनमी बनेगा। तब हमारे किसान केवल गेंहू, चावल, चना ही नहीं पैदा करेगा। देश का किसान तब अन्नदाता ही नहीं, ऊर्जादाता भी बनेगा। अब स्मार्ट सिटी नहीं, स्मार्ट गांव भी बनेंगे।”

प्रदीप

वार्ता

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *