HindiJharkhand NewsNewsPolitics

Jharkhand : भाजपा की प्रमंडलीय बैठक में बाबूलाल ने कार्यकर्ताओं को दिए जीत के मंत्र

दुमका, 24 मार्च । भाजपा की संथाल परगना प्रमंडल स्तरीय बैठक इंडोर स्टेडियम में आयोजित हुई। बैठक में भाजपा विधायक दल नेता बाबूलाल मरांडी, प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर, प्रदेश उपाध्यक्ष विनोद शर्मा, प्रदेश महामंत्री डॉ प्रदीप वर्मा मुख्य रूप से मौजूद रहे।

बाबूलाल मरांडी ने प्रमंडल के सभी 6 जिलों के जिला पदाधिकारी, मोर्चा अध्यक्ष, 103 मंडलों से मंडल अध्यक्ष एवं महामंत्री से बूथों पर बूथ सशक्तिकरण कार्य में लगे कार्यकर्ताओं से वस्तुस्थिति की जानकारी ली। प्रमंडल के तीन लोकसभा एवं 18 विधानसभा को जीतने के सूत्र बताए। उन्होंने कार्यकर्ताओं को मार्गदर्शन देते हुए कहा कि केंद्र सरकार की कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी ग्रामीण स्तर के लोगों तक संपर्क स्थापित कर बताना है।

उन्होंने वर्तमान झारखंड सरकार में विफलताओं को जन-जन तक पहुंचाने वर्तमान सरकार में लूट और लचर कानून व्यवस्था को बताने का अपील किया। वर्तमान हेमंत सरकार के खिलाफ आगामी 11 अप्रैल को रांची में विधानसभा सचिवालय को घेराव कार्यक्रम को सफल बनाने का कार्यकर्त्ताओं से आह्वान किया। मरांडी ने नियोजन नीति लागू नहीं कर बेरोजगारों को गुमराह करने के लिए जोहार यात्रा निकाल कर राज्य की जनता को दिग्भ्रमित करने का आरोप हेमंत सरकार पर लगाया।

महामंत्री कर्मवीर ने जिला एवं मंडलों के कार्यकर्ताओं से बूथस्तर पर किए जा रहे कार्यों की समीक्षा कर संगठन को मजबूत करने के लिए मार्गदर्शन किया। उन्होंने बूथ मजबूत करने का संकल्प दिलाया। बैठक का संचालन प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष विनोद शर्मा ने किया।

इस अवसर पर राजमहल विधायक अनंत ओझा, गोड्डा, विधायक अमित मंडल, देवघर भाजपा जिला अध्यक्ष सह विधायक नारायण दास, सारठ विधायक रणधीर सिंह, प्रदेश मंत्री मिस्त्री सोरेन, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अभयकांत प्रसाद, पूर्व मंत्री सत्यानंद झा बाटुल, डॉ लुईस मरांडी, ताला मरांडी, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य अमरेंद्र सिंह मुन्ना, पिंटू अग्रवाल आदि मौजूद थे।

हिन्दुस्थान समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *