HindiJharkhand NewsNews

आकाशीय बिजली कहर बनकर गिरी, महिला की मौत, एक ही परिवार के पांच घायल

कोडरमा, 1 अगस्त । जिले के के मरकच्चो प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत ग्राम जामु में गुरुवार को वज्रपात से एक अधेड़ महिला की मौत हो गयी। स्थानीय लोगों ने बताया कि जामु निवासी लाटो साव की पत्नी कुंती देवी (55 ) धान खेत में काम कर रही थी। इसी दौरान लगभग 3 बजे दिन बारिश के दौरान वह वज्रपात की चपेट में आ गयी।

आनन फानन में परिजन महिला को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मरकच्चो ले आये जहां प्राथमिक इलाज कर बेहतर इलाज के लिए कोडरमा सदर भेज गया। परिजनों ने बताया कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में आक्सीजन नहीं रहने के कारण महिला को ऑक्सीजन नही लगाया जा सका। उनलोगों ने यह भी बताया कि कोडरमा सदर में डाक्टर ने महिला को मृत घोषित कर दिया।

डॉक्टर ने बताया कि आक्सीजन लगाकर जल्दी लाते तो बचाया जा सकता था। वहीं चलकुशा थाना अंतर्गत ग्राम सुगुन में आकाशीय बिजली गिरने से एक ही परिवार के पांच सदस्य गंभीर रूप से झुलस गए। सभी घायलों को सदर अस्पताल कोडरमा में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। जानकारी के अनुसार घटना उस समय हुई जब एक ही परिवार के सदस्य धान की बुआई कर अपने घर लौट रहे थे। बारिश हो रही थी सभी लोग छाता से बच रहे थे। बारिश के साथ अचानक जोरदार आवाज के साथ बिजली गर्जन के साथ गिरी और सभी लोग घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए तुरंत उन्हें सदर अस्पताल पहुंचाया। घायलों में राजेश यादव (22 ), अनमोल कुमार (4 ), मदोदर देवी, अर्चना देवी एवं संगीता देवी सभी ग्राम सुगुन थाना चलकुशा जिला हजारीबाग के निवासी हैं। सदर अस्पताल के डॉक्टर ने बताया कि सभी घायलों की स्थिति गंभीर है, लेकिन वे लगातार उनकी स्थिति पर नजर रखे हुए हैं और हर संभव चिकित्सकीय सहायता प्रदान कर रहे हैं। राजेश यादव की स्थिति गंभीर देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रिम्स रेफर कर दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *