HindiInternationalNews

बांग्लादेश में ब्राह्मणबारिया पल्ली विद्युत समिति के एजीएम को सेना ने किया गिरफ्तार

ढाका। बांग्लादेश की सेना ने ब्राह्मणबारिया पल्ली विद्युत समिति के सहायक महाप्रबंधक (एजीएम) एसके सकील अहमद को गिरफ्तार किया है। उन्हें नौकरी से बर्खास्त करने के कुछ घंटों बाद बिजलीघर को अस्थिर करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया। 31 वर्षीय अहमद को ब्राह्मणबारिया सदर उपजिला के घाटुरा इलाके से गिरफ्तार कर पुलिस को सौंप दिया गया।

प्रोथोम अलो अखबार की खबर के अनुसार, ब्राह्मणबरिया सदर पुलिस स्टेशन के प्रभारी मुजफ्फर हुसैन ने अहमद की गिरफ्तारी की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि अहमद को ढाका के खिलखेत पुलिस स्टेशन में दर्ज एक मामले में गिरफ्तार किया गया है। इसकी सूचना खिलखेत पुलिस स्टेशन को भेज दी गई है। ग्रामीण विद्युतीकरण बोर्ड के अनुसार, अहमद 31 अक्टूबर, 2021 को बोर्ड का हिस्सा बने। उन्हें 7 नवंबर को भोला पल्ली विद्युत समिति कार्यालय में तैनात किया गया। 15 जुलाई, 2023 को उन्हें ब्राह्मणबारिया पल्ली विद्युत समिति में स्थानांतरित कर दिया गया।

इस संबंध में मेहजबीन रहमान ने कहा कि उनके पति को 80 पल्ली विद्युत संघों की तरफ से बोर्ड अध्यक्ष को एक ज्ञापन ई-मेल से भेजने पर 29 अप्रैल को निलंबित कर दिया गया। इस निलंबन आदेश को 14 जुलाई को रद्द कर दिया गया। मगर गुरुवार रात को उन्हें बर्खास्त कर सैनिक उन्हें सुबह गिरफ्तार कर ले गए। उन्होंने अंतरिम सरकार से सवाल किया कि “क्या यही न्याय है?”

उल्लेखनीय है कि बोर्ड के कानूनी विंग के निदेशक अरशद हुसैन ने चार अधिकारियों पर आरोप लगाते हुए गुरुवार रात खिलखेत पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज कराया था। इसमें कहा गया है कि यह सभी अंतरिम सरकार की छवि खराब करने और उसे शर्मनाक स्थिति में डालने की कोशिश कर रहे हैं। यह देशद्रोह के समान है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *