HindiNationalNews

अमरनाथ यात्रा: भारी बारिश के बावजूद 3,500 से अधिक तीर्थयात्रियों का एक नया जत्था जम्मू से रवाना

जम्मू। भारी बारिश के बावजूद 3,500 से अधिक तीर्थयात्रियों का एक नया जत्था मंगलवार तड़के कड़ी सुरक्षा के बीच बाबा बर्फानी के दर्शनों के लिए जम्मू से रवाना हुआ।

3 जुलाई को तीर्थयात्रा शुरू होने के बाद से 3 लाख से अधिक तीर्थयात्री 3,880 मीटर ऊंचे भगवान शिव के मंदिर के दर्शन कर चुके हैं, जहां प्राकृतिक रूप से निर्मित बर्फ का शिवलिंग है।

अधिकारियों ने बताया कि केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल और पुलिस कर्मियों के संरक्षण में 3,536 तीर्थयात्रियों का 20वां जत्था जिसमें 2,601 पुरुष, 822 महिलाएं, 11 बच्चे और 102 साधु-साध्वियां शामिल थी सुबह 3ः33 बजे से 4ः09 बजे के बीच 132 वाहनों में जम्मू के भगवती नगर आधार शिविर से रवाना हुआ।

पहला तीर्थयात्री काफिला 48 वाहनों में 1,250 तीर्थयात्रियों को लेकर गांदरबल जिले में 14 किलोमीटर लंबे छोटे लेकिन अधिक ढलान वाले बालटाल मार्ग के लिए रवाना हुआ। उन्होंने बताया कि 84 वाहनों में 2,286 तीर्थयात्रियों का दूसरा काफिला अनंतनाग जिले के पारंपरिक 48 किलोमीटर लंबे पहलगाम मार्ग से यात्रा पर निकला।

इसके साथ ही 2 जुलाई को उपराज्यपाल मनोज सिन्हा द्वारा पहले जत्थे को हरी झंडी दिखाने के बाद से अब तक कुल 1,27,541 तीर्थयात्री जम्मू आधार शिविर से घाटी के लिए रवाना हो चुके हैं।

पिछले कुछ दिनों में यात्रा करने वाले तीर्थयात्रियों की संख्या में गिरावट देखी गई है।

अधिकारियों के अनुसार तीर्थयात्रियों की संख्या में गिरावट के कारण तीर्थयात्रा के लिए मौके पर पंजीकरण बंद कर दिया गया है। अब पंजीकरण भगवती नगर आधार शिविर में किया जाएगा।

अब तक 4 लाख से ज़्यादा लोग तीर्थयात्रा के लिए ऑनलाइन पंजीकरण करा चुके हैं। पिछले साल 5.10 लाख से ज़्यादा तीर्थयात्रियों ने पवित्र गुफा में दर्शन किए थे। 38 दिनों की यह तीर्थयात्रा 9 अगस्त को समाप्त होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *