HindiJharkhand NewsNewsPolitics

भाजपा की ओर से उत्पाद सिपाही की बहाली को लेकर की जा रही है तथ्यहीन बातें : झामुमो

रांची, 05 सितंबर । झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के महासचिव सुप्रियो भट्टाचार्य ने कहा कि पिछले कुछ दिनों से भाजपा की ओर से उत्पाद सिपाही की बहाली को लेकर तथ्यहीन बातें की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि इसके लिए दौड़ के दौरान जो दर्दनाक मौतें हुई, उनको लेकर बिना किसी तथ्य और सही जानकारी के एक से एक बयान दिये जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि मौत को इन्होंने एक राजनीतिक मुद्दा बना दिया। लेकिन चीजें अब धीरे-धीरे साफ हो गयी हैं। उन्होंने कहा कि मैंने लगभग एक सप्ताह पहले कहा था कि इन मौतों का कारण दौडते हुए सांस फूलना हो सकता है। ये बात मैंने कुछ डॉक्टर से जानकारी लेने के बाद कही थी।

भट्टाचार्य गुरुवार को संवाददाता सम्मेलन में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि कहीं न कहीं इसमें पोस्ट कोरोना का प्रभाव है, ये आशंका उन्होंने पहले भी जाहिर की थी। उन्होंने कहा कि झामुमो को मौत की राजनीति नहीं करनी है। किसी की संवेदनाओं के साथ खेलना नहीं है। उन्होंने कहा कि इस अकाल मृत्यु का कारण खोजे बिना इस पर टिप्पणी नहीं करनी चाहिये। मौत के असली कारणों को अब विशेषज्ञ चिकित्सक बता रहे हैं। उन्होंने कहा कि मैंने पहले कहा था शायद कुछ एस्ट्रोयॉड लिये गये होंगे, जिसको शरीर एडजस्ट नहीं कर पाया।

उन्होंने कहा कि झारखंड सरकार ने मुख्यमंत्री मईंयां सम्मान योजना का दायरा बढ़ा दिया है। उन्होंने कहा कि अब इस योजना में 18 से 20 वर्ष तक की युवतियों को भी शामिल कर लिया गया है। यानी अब उनको भी योजना के तहत हर माह एक हजार रुपये मिलेंगे। उन्होंने कहा कि इसी अवस्था में महिलाओं के जीवन का नया अध्याय शुरू होता है। इसी के बाद करियर या घर-गृहस्थी की जिम्मेवारी से उनको गुजरना पड़ता है। राज्य सरकार ने ये एक ऐतिहासिक निर्णय लिया है। ये एक ऐसी सोच है, जिससे देश में पहली बार महिलाओं को उनके जन्म से लेकर मृत्यु तक सामाजिक सुरक्षा प्रदान करना है। उन्होंने कहा युवतियों को पढ़ाई के दौरान सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना के तहत लाभ पहुंचाया जाता है। अब पढाई के बाद उनको ये सामाजिक सुरक्षा कवच दिया गया है।

उन्होंने कहा कि बहुत सारे लोगों को इससे परेशानी भी रही है। उनको डर है कि महिलाएं आत्मनिर्भर हो जायेंगी। उनकी पुरुष प्रधान मानिसकता को कहीं न कहीं इस योजना से आघात लगेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *