HindiJharkhand NewsNewsPolitics

कांग्रेस पार्टी करती है संविधान से छेड़छाड़ : बाबूलाल मरांडी

बोकारो, 21 मई । जिले के सेक्टर-2सी के दुर्गा पूजा मैदान में धनबाद लोकसभा क्षेत्र के एनडीए प्रत्याशी ढुल्लू महतो के पक्ष में चुनावी सभा को सम्बोधित करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि इंडी गठबंधन के लोग जनता को दिग्भ्रमित कर रहे हैं कि मोदी 400 सीटें लाकर संविधान को बदल देंगे जबकि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि संविधान के कारण ही वे सांसद और प्रधानमंत्री बने हैं। संविधान से छेड़छाड़ कांग्रेस पार्टी करती है।

मरांडी ने कहा कि भाजपा के रहते संविधान कभी नहीं बदल सकता है। संविधान को कांग्रेस पार्टी ने बदला है। इमरजेंसी लगाकर संविधान को कांग्रेस पार्टी ने खत्म करने का काम किया था। वे लोग कहते हैं कि आरक्षण को समाप्त कर दिया जाएगा। प्रधानमंत्री स्पष्ट कर चुके हैं कि किसी का आरक्षण समाप्त नहीं होगा। किसी को आरक्षण समाप्त करने भी नहीं दिया जाएगा। कांग्रेस की राज्य सरकारों ने एसटी, एससी और ओबीसी का आरक्षण कम करके मुसलमान को आरक्षण दे दिया है। यह संविधान के विरुद्ध है। बाबा साहब अंबेडकर ने कहा था कि धर्म के आधार पर आरक्षण नहीं दिया जा सकता है।

मरांडी ने कहा कि झारखंड को भ्रष्टाचारियों से बचाना है। राज्य की कानून व्यवस्था बिगड़ी हुई है। चोरी, डकैती, हत्या और अपहरण लगातार हो रहे हैं। कोई सुरक्षित नहीं है। कारोबारी को परेशान किया जाता है। इस राज्य में लगता है कि बदमाशों की सरकार चल रही है। उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशासन भी सरकारी आदेश का पालन कर उन लोगों को संरक्षण देते हैं जो इस राज्य की जनता को संरक्षण नहीं दे सके। ऐसे लोगों को जवाब देने की जरूरत है।

जो कृष्ण को लाने वाले हैं, हमें उनको लेकर आना है : अमर बाउरी

नेता प्रतिपक्ष अमर कुमार बाउरी ने कहा कि यह चुनाव देश का है। वोट करते समय ध्यान रखें कि देश किनके हाथ में सुरक्षित है। देश का विकास कौन कर रहा है। उनके लिए कमल का बटन दबाएं। जो राम को लाए हैं, हम उनको लेकर आएं। जो कृष्ण को लेकर आने वाले हैं, हमें उनको लेकर आना है।

इस अवसर पर प्रत्याशी ढुल्लू महतो, विधायक बिरंची नारायण, भानु प्रताप शाही, लोकसभा क्षेत्र प्रभारी सुरेश साहू और बोकारो जिला अध्यक्ष जयदेव राय भी मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *