HindiNationalNewsPolitics

कांग्रेस का 2024 का घोषणा पत्र जारी, गरीबों को न्याय देने का वादा

नयी दिल्ली। कांग्रेस ने 2024 के चुनाव के लिए ‘ हाथ बदलेगा हालत’ नारे के साथ आज अपना घोषणा पत्र जारी किया और कहा कि यह ‘न्याय पत्र’ है जो देश की जनता को पांच न्याय के साथ 25 गारंटी देता है तथा गरीबों की खुशहाली का वादा करता है।

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडगे, संसदीय दल की नेता सोनिया गांधी, पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी, घोषणा पत्र समिति के अध्यक्ष पी चिदंबरम और पार्टी महासचिव संगठन के सी वेणुगोपाल ने शुक्रवार को यहां पार्टी मुख्यालय में संयुक्त रूप से कांग्रेस का घोषणा पत्र जारी किया और कहा कि घोषणा पत्र न्याय की गारंटी देता है इसलिए इसे ‘न्याय पत्र’ कहा गया है। इसमें सभी देशवासियों से न्याय का वादा है और लोगों को विश्वास दिलाया गया है कि कांग्रेस को वोट देने से पूरे देश के हालात बदल जाएंगे।

श्री खडगे ने कहा कि घोषणा पत्र गरीबों को समर्पित है और देश के गरीबों को सम्मान देने का वादा किया गया है। इसमें आम लोगों की आर्थिक हालत सुधारने के लिए 5,000 करोड़ रुपए का नया स्टार्टअप फंड देने का भी वादा किया गया है।

उन्होंने कहा “हम देश की सामाजिक और आर्थिक गति को आगे ले जाएंगे। किसानों, गरीबों, मजदूरों, महिलाओं और वंचित वर्गों के विकास के बंद दरवाजे खोलेंगे। ये हमारी प्रतिज्ञा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हमेशा ही डॉ. मनमोहन सिंह जी के नेतृत्व वाली सरकार की आलोचना करते हैं लेकिन उन 10 वर्षों में कांग्रेस ने मनरेगा,सूचना का अधिकार, खाद्य सुरक्षा, भूमि अधिग्रहण कानून, शिक्षा का अधिकार सहित कई कदम उठाए हैं। मनरेगा और खाद्य सुरक्षा के पीछे श्रीमती सोनिया गांधी जी का बहुत बड़ा योगदान रहा है। मोदी जी इसके मुकाबले अपने 10 साल के कार्यकाल में एक भी काम नहीं कर सके।”

पार्टी नेता राहुल गांधी ने कहा कि भारत जोड़ो यात्रा और भारत जोड़ो न्याय यात्रा के दौरान उन्होंने देश की हालत करीब से देखे हैं और वह जानते हैं कि देश के लोगों के साथ न्याय नहीं हो रहा है इसलिए कांग्रेस पांच न्याय के तहत देशवासियों को 25 गारंटियां देने का वादा करती है उन्होंने कहा कि यह चुनाव लोकतंत्र और संविधान को बचाने तथा इसको ध्वस्त करने वालों के बीच हो रहा है इसलिए जनता को संविधान और लोकतंत्र बचाने के लिए कांग्रेस को वोट देना है। उनका यह भी कहना था कि कांग्रेस और भाजपा के साथ यह जबरदस्त चुनावी जंग है और कांग्रेस इस पूरे दमखम के साथ लड़ेगी और यह चुनाव जीतेगी।

श्री वेणुगोपाल ने कहा “हमने आज घोषणापत्र जारी कर दिया है। कल यानी शनिवार को हम इसे दो रैलियों के साथ इसे लॉन्च कर रहे हैं। पहली राजस्थान के जयपुर में होगी और दूसरी रैली तेलंगाना के हैदराबाद में आयोजित की जाएगी।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *