HindiNationalNewsPolitics

चुनावी बॉन्ड घोटाले ने भाजपा को भ्रष्ट साबित किया, मोदी भ्रष्टाचार की बात नहीं कर सकते: स्टालिन

चेन्नई। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री और द्रमुक अध्यक्ष एम.के.स्टालिन ने रविवार को कहा कि चुनावी बांड घोटाला ने साबित कर दिया कि भारतीय जनता पार्टी भ्रष्ट है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भ्रष्टाचार के बारे में बात नहीं कर सकते। उन्होंने लोकसभा चुनाव में केंद्र की भाजपा सरकार को सत्ता से बाहर करने के लिए विपक्षी दल इंडिया ब्लॉक के बीच एकता का आह्वान किया।

कांग्रेस नेता राहुल गांधी की मुंबई में ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ कार्यक्रम में शामिल होने के लिए श्री स्टालिन आज चेन्नई से मुंबई पहुंचे और कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि चुनाव की तारीखों का ऐलान हो चुका है और इंडी ब्लॉक का एकमात्र लक्ष्य देश को बचाने के लिए खुद को समर्पित करना और भाजपा को हराना है।

श्री स्टालिन ने जानना चाहा कि इलेक्टोरल बॉन्ड के नाम पर 8,000 करोड़ रुपये किसने एकत्रित किए और उन्होंने इसे भाजपा का सफेदपोश भ्रष्टाचार करार दिया। उन्होंने पुछा कि क्या ऐसे प्रधानमंत्री भ्रष्टाचार की बात कर सकते हैं? उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि अगामी लोकसभा चुनाव में इंडी गठबंधन की सरकार बनेगी।

उन्होंने कहा कि देश के लिए भाजपा से बड़ा कोई खतरा नहीं है और श्री गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा की असली जीत भाजपा को हराने और केंद्र में वास्तविक संघीय, धर्मनिरपेक्ष और समावेशी सरकार बनाने में निहित है।

यह कहते हुए कि वह अपने प्रिय भाई राहुल गांधी को अपनी शुभकामनाएं देने के लिए चेन्नई से मुंबई आए हैं, श्री स्टालिन ने कहा कि वह कन्याकुमारी से शुरू हुए भारत जोड़ो यात्रा में बेहद गर्व के साथ यहां (मुंबई) आए हैं।

उन्होंने कहा, “आपकी यात्रा आज मुंबई पहुंची है। यह जल्द ही दिल्ली पहुंचेगी।” द्रमुक प्रमुख ने यह दावा करते हुए कि इंडी गठबंधन सरकार बनाएगा, कहा कि राहुल जहां भी जाते हैं वहां उत्सव जैसा माहौल होता है क्योंकि लोग उन्हें ऐसा स्वागत और प्यार देते हैं।

उन्होंने कहा कि “राहुल गांधी को इस यात्रा के दौरान भाजपा सरकार की ओर से कई समस्याओं का सामना करना पड़ा। उन्होंने श्री राहुल की यात्रा को अनुमति देने से इनकार करने के लिए कई मूर्खतापूर्ण कारणों का हवाला दिया। इन सबके बावजूद राहुल ने निर्भीकतापूर्वक अपनी यात्रा को जारी रखा। राहुल की जनसभाओं ने भाजपा की नींद हराम कर दी। उन्हें सांसद पद से हटा दिया गया लेकिन उन्होंने सर्वोच्च न्यायालय में लड़ाई लड़ी और जीत हासिल की और संसद में फिर से दहाड़ा।”

श्री स्टालिन ने कहा कि “यह केवल राहुल गांधी नामक एक व्यक्ति की यात्रा नहीं है, न ही कांग्रेस पार्टी की यात्रा है, यह भारत के लिए है। इसलिए यह भारत जोड़ो न्याय यात्रा है! भारत को अब एकता की जरूरत है! लोगों को बांटने वाली भाजपा को जल्द ही उखाड़ फेंका जाएगा।”

उन्होंने कहा कि “प्रधानमंत्री मोदी ने पिछले 10 वर्षों में सिर्फ दो काम किए। एक है विदेश यात्राएं और दूसरा है नकली प्रचार। हमें अब इसे रोकना चाहिए। यह हमारा एजेंडा है! जिस दिन से हमने गठबंधन किया, उसी दिन से भाजपा ने इंडिया शब्द का इस्तेमाल करना बंद कर दिया। ऐसा उनका डर है। यही कारण है कि मोदी हमारे गठबंधन को बदनाम करने के लिए किसी हद तक चले जाते हैं। वह इंडी गठबंधन को भ्रष्ट कहते हैं लेकिन चुनावी बॉन्ड घोटाले ने साबित कर दिया कि भाजपा भ्रष्ट है। चुनावी बांड के नाम पर 8,000 करोड़ रुपये किसने एकत्रित किए? यह भाजपा का सफेदपोश भ्रष्टाचार है। क्या ऐसे प्रधानमंत्री भ्रष्टाचार की बात कर सकते हैं?”

श्री स्टालिन ने कहा कि मोदी हम पर आरोप लगाते हैं जिससे लोगों को उनकी विफलताओं और घोटालों से भटकाया जा सके। उन्होंने कहा, “हम लोगों के लिए काम करने के लिए राजनीति में आए हैं, मनोरंजन के लिए नहीं। भाई राहुल गांधी ने अपने देश के दिल को समझने के लिए पूरे भारत के राज्यों का दौरा किया है। यह भाजपा द्वारा बर्बाद किए गए भारत को बहाल करने की यात्रा है।”

श्री स्टालिन ने कहा कि “कन्याकुमारी से शुरू हुई यात्रा दिल्ली पर कब्जा करने और वास्तव में संघीय, धर्मनिरपेक्ष और समावेशी सरकार बनाने के बाद समाप्त होनी चाहिए। मैं आप सभी को भारत को बचाने के लिए आमंत्रित करता हूं! भारत का उदय हो।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *