HindiInternationalNews

आतंकवाद के खिलाफ अंतरराष्ट्रीय मंचों पर एकजुट रहेंगे भारत-रूस

मॉस्को, 29 जुलाई । संयुक्त राष्ट्र संघ सहित विभिन्न अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत और रूस आतंकवाद के खिलाफ एकजुट रहेंगे। मॉस्को में हुई विदेश मंत्रालय स्तरीय वार्ता में दोनों देशों ने आतंकवाद के खिलाफ सहयोग और गहरा करने का फैसला किया।

गुरुवार को मॉस्को में भारतीय विदेश मंत्रालय के सचिव (पश्चिम) संजय वर्मा और रूसी विदेश मंत्रालय के अधिकारियों के बीच मॉस्को में हुई बैठक में अंतरराष्ट्रीय मंचों पर आतंकवाद के मसले पर दोनों देशों की भूमिका पर चर्चा हुई। संयुक्त राष्ट्र संघ से संबंधित मुद्दों पर परामर्श के दौरान दोनों पक्ष आतंकवाद के खिलाफ संयुक्त राष्ट्र संघ और अन्य अंतरराष्ट्रीय मंचों पर मिलकर अपना पक्ष रखने के लिए सहमत हुए।

बातचीत में रूसी प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व रूस के विदेश मामलों के उप मंत्री सर्गेई वासिलीविच वर्शिनिन ने किया। भारत व रूसी अधिकारियों ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के आगामी एजेंडे और हाल के घटनाक्रम से संबंधित मुद्दों पर भी व्यापक चर्चा की। मॉस्को में हुई यह वार्ता यूक्रेन में जारी संघर्ष के बीच हुई है।

भारतीय पक्ष ने दिसंबर 2022 में सुरक्षा परिषद का अध्यक्ष पद मिलने पर अपनी प्राथमिकताओं से भी रूसी अधिकारियों को अवगत कराया। भारत परिषद में अपने मौजूदा कार्यकाल में दूसरी बार अध्यक्ष बनेगा। इस दौरान भारतीय प्रतिनिधिमंडल ने रूस के उप विदेश मंत्री ओलेग व्लादिमिरोविच सिरोमोलोटोव से भी मुलाकात की। इस दौरान दोनों देशों ने आतंकवाद से निपटने के तमाम तरीकों पर भी चर्चा की।

(हि.स.)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *