HindiJharkhand NewsNewsPolitics

शहीदों का सम्मान करती है एनडीए सरकार : अर्जुन मुंडा

खूंटी, 23 अप्रैल । खूंटी लोकसभा सीट से एनडीए के प्रत्याशी और केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने मंगलवार को नामांकन पत्र दाखिल करने के बाद विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि जनता के बल पर केंद्र में भाजपा की सरकार बनेगी। खूंटी से कमल खिलाना ही भगवान बिरसा मुंडा के बलिदान को नमन होगा। आज तक इतिहास में सिर्फ नरेन्द्र मोदी ही ऐसे प्रधानमंत्री हैं, जो बिरसा मुंडा की धरती पर आए। भाजपा शहीदों का सम्मान करना जानती है। इतिहास को पुनर्जीवित करने का काम कर रही है। जनता संकल्प ले कि इस बार झारखंड से 14 कमल फूल दिल्ली भेजने का काम करेगी।

हेमंत सोरेन ने झारखंड को खूब लूटा : बाबूलाल मरांडी

पूर्व मुख्यमंत्री एवं भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि झारखंड की हालत क्या है, जनता देख रही है। हेमंत सोरेन ने राज्य के हर चीज को लूटने का काम किया है। ईडी की चार्जशीट में उनका गुनाह दर्ज है। प्रधानमंत्री मोदी विकसित भारत की बात करते हैं। ये लोग अपने घर और परिवार को विकसित करने का काम कर रहे हैं। झारखंड के गठन में 23 में से 13 साल बीजेपी की सरकार रही। आज तक भाजपा के कार्यकाल में किसी आदिवासी की जमीन नहीं लूटी गई। ये लोग आरोप लगाते हैं कि भाजपा सत्ता में आएगी तो जमीन छीन लेंगे। झूठा प्रचार करते हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे संकल्प लेकर जाएं कि अर्जुन मुंडा को खूंटी से जीताकर भेजेंगे। तीसरी बार नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री बनाएंगे।

प्रधानमंत्री मोदी का विकल्प नहीं : सुदेश महतो

आजसू प्रमुख और पूर्व उप मुख्यमंत्री सुदेश महतो ने कहा कि यह चुनाव देश के लिए नेता चुनने का है। खूंटी की जनता भी ऐसा नेता चुनेगी, जो प्रधानमंत्री मोदी के साथ काम करेंगे। वर्तमान में प्रधानमंत्री मोदी का कोई विकल्प नहीं है। खूंटी से एनडीए प्रत्याशी अर्जुन मुंडा को रिकॉर्ड मतों से जिताकर भेजना है।

इस अवसर पर लोकसभा के प्रभारी रविंद्र राय, कर्मवीर सिंह, विमला प्रधान, सत्यनारायण सिंह, राकेश प्रसाद, सांसद विद्युत वरण महतो, विधायक नीलकंठ सिंह मुंडा, कोच मुंडा, रामचंद्र चंद्रवंशी, चंद्रशेखर गुप्ता सहित अन्य उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *